भारत

बलराज कुंडू ने उचाना से चुनाव लड़ने की चर्चाओं पर लगाया विराम

Shantanu Roy
27 Sep 2023 10:55 AM GMT
बलराज कुंडू ने उचाना से चुनाव लड़ने की चर्चाओं पर लगाया विराम
x
रोहतक। 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में अब हरियाणा जन सेवक पार्टी भी अपनी किस्मत आजमाने के लिए उतरेगी। जिसके लिए संगठन को मजबूत करने का काम शुरू कर दिया गया है। बलराज कुंडू ने कहा कि भले ही लोग कह रहे हो कि मैं उचाना से चुनाव लड़ूंगा, लेकिन यह केवल अफवाहें हैं। वह महम से ही चुनाव लड़ेंगे और महम की जनता ने जो पौधा लगाया था, वह आने वाले चुनाव में एक बड़ा पेड़ बनाकर उबरेगा। पार्टी के संयोजक और महम से निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू ने संगठन में युवा मोर्चा के लिए रजनीश शर्मा को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है और ऐलान किया कि 1 नवंबर को जींद में होने वाली रैली में पार्टी के चुनावी मेनिफेस्टो की भी घोषणा की जाएगी। कुंडू ने कहा कि प्रदेश में जिस तरह के हालात हैं, उससे लोगों को निजात दिलाने के लिए एक नए विकल्प की जरूरत है और वह विकल्प उन्होंने हरियाणा जनसेवक पार्टी के रूप में जनता के सामने रखा है।
उनका उद्देश्य प्रदेश की व्यवस्था में बदलाव करने के लिए युवा और पढ़े लिखे लोगों को राजनीति में लाना है। क्योंकि अन्य राजनीतिक दल तो केवल अपने भाई भतीजावाद के सिद्धांत पर काम कर रही हैं और सभी अपने बेटों को आगे बढ़ाने में लगे हुए हैं। वह चाहते हैं कि किसान, मजदूर का बच्चा राजनीति में जाकर प्रदेश का विकास करें। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर उन्हें 90 ऐसे चेहरे मिले जो ईमानदार और प्रदेश के लिए बेहतर करने का मादा रखते हैं तो वह 90 की 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। अन्यथा जितने भी इस तरह के चेहरे होंगे, इस आधार पर विधानसभा की सीटों का ऐलान किया जाएगा। फिलहाल वह लोकसभा चुनाव के बारे में नहीं सोच रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जेजेपी और भाजपा के गठबंधन ने केवल लूट की राजनीति को आगे किया है और यही नहीं उन्होंने तो मुख्यमंत्री मनोहर लाल पर प्रदेश में हो रहे भ्रष्टाचार में सीधे तौर पर सम्मिलित होने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने तो जेजेपी की छात्र इकाई इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला को अनपढ़ करार देते हुए कहा कि यह ऐसे लोग हैं जो किसी को राजनीति में आगे नहीं बढ़ने देते। ऐसे लोगों का परमानेंट इलाज होना जरूरी है।
Next Story