भारत
रामभक्तों पर गोली चलाने वालों को वोट मिला तो खराब संदेश जाएगा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
jantaserishta.com
8 May 2023 9:03 PM IST

x
फाइल फोटो
अयोध्या (आईएएनएस)| यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या से कोई रामभक्त लोकतंत्र के इस पर्व में विजयी होकर जाता है, तो यहां के बारे में अच्छी धारणा बनती है, पर जब रामभक्तों पर गोली चलाने वाला व्यक्ति कुछ भी वोट पा लेता है, तो उसका बहुत खराब संदेश जाता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को मणिरामदास छावनी में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के महापौर प्रत्याशी गिरीश पति त्रिपाठी के पक्ष में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोगों के मन में धारणा जाती है कि ये सब क्या हो रहा है। यह लोकतंत्र का पर्व है, सबको एक वोट देना है। किसी का वोट छोटा-बड़ा नहीं है।
सीएम ने आह्वान किया कि "यहां 60 वॉर्ड हैं। 60 टोली बनाकर अपने बीच के महंत गिरीश पति त्रिपाठी व बोर्ड बनाने के लिए जनता से अपील कर दीजिए। अयोध्या हमारी है और इसके प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी भी है, इसलिए रामभक्तों पर गोली चलाने वालों को वोट मिला तो खराब संदेश जाएगा।"
सीएम योगी ने कहा, "अयोध्या को हम विकास के सर्वोच्च शिखर पर पहुंचाएंगे। अयोध्या पर देश-दुनिया की नजर है, इसलिए यहां सर्वागीण विकास के लिए सशक्त बोर्ड का गठन होना आवश्यक है। जब सशक्त बोर्ड गठित होगा तो विकास तीव्र होगा।"
सीएम ने कहा, "आज दुनिया में भारत के प्रति धारणा बदली है। वैश्विक संकट के समय दुनिया अब पीएम मोदी की ओर संकटमोचक के रूप में देखती है, ऐसे में यूपी किंकर्तव्यविमूढ़ की स्थिति में नहीं रह सकता। हमें बदलते भारत के साथ खुद को जोड़ना होगा। यूपी ने अपने बारे में बनाई गई धारणा को आप सबकी कृपा व आशीर्वाद से छह वर्ष में बदलने में सफलता पाई है।"
सीएम ने कहा कि छह वर्ष पहले कहीं बाहर जाते होंगे तो यूपी-संतों के बारे में अच्छी धारणा नहीं होती थी, पर आज यूपी के नाम पर हर जगह सम्मान मिलेगा। हर कोई बोलेगा कि आप यूपी से आए हैं और संत हैं तो सोने पर सुहागा। संतों को सम्मान मिलता है, यह बहुत अच्छा लगता है।
सीएम ने कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन से उनकी तीन पीढ़ियां जुड़ी हैं। वो खुद भी आत्मिक भाव से सर्वाधिक समय अयोध्या को देते हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या से उनका विशेष लगाव है। पिछले बोर्ड ने अच्छा करने का प्रयास किया। पूज्य संतों के बीच से कोई जाए और हमारे बोर्ड का नेतृत्व संतों के बीच से ही हो, इसलिए महंत गिरीशपति त्रिपाठी को चुनाव में उतारा है। अयोध्या कोई भी आए, आकर्षित होकर जाए। हमारी पीढ़ी सौभाग्यशाली है कि जो देख रही है कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम अपने भव्य मंदिर में विराजमान होकर अपनी कृपा का प्रसाद बरसाएंगे। संतों के सान्निध्य में एक बार फिर से भारत सनातन धर्म की परंपरा को वैश्विक प्रतिष्ठा दिलाने का अभियान है। हमें भौतिक काया के साथ इस अभियान से जुड़ने का सौभाग्य मिल रहा है।
योगी ने कहा कि सूर्यवंश की राजधानी होने के नाते हम इसे सोलर सिटी बनाने जा रहे हैं। अयोध्या में पहले हमने नगर निगम बनाया, क्योंकि इसे स्मार्ट व सेफ सिटी के रूप में विकसित किया जा सके। फिर जनपद, कमिश्नरी का नाम बदला। अब इंटरनेशनल एयरपोर्ट बन रहा है। देश या दुनिया में कहीं भी जाने के लिए अब अयोध्या से ही आप किसी भी कोने में जा सकेंगे। इस चुनाव के बाद सर्वे का कार्य प्रारंभ करेंगे।
उन्होंने कहा, "तीन वर्ष पहले हमने कोरिया की पहली महिला को दीपोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मान किया था। दक्षिण कोरिया की रानी अयोध्या की राजकुमारी थीं। वे दो हजार वर्ष पहले राजकुमारी अयोध्या से जलमार्ग से कोरिया गई थीं। अयोध्या से हम वाटरवेज प्रारंभ करने जा रहे हैं। काशी में अब बड़े-बड़े जलयान आ रहे हैं। गंगा जी से कम जल सरयू जी में नहीं है। केवल नदी के पानी को चैनलाइज कर देना है।"
Tagsमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथयोगी आदित्यनाथसीएम योगीरामभक्तगोलीChief Minister Yogi AdityanathYogi AdityanathCM Yogidevotee of Ram
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





