भारत

झारखंड में बेबी देवी का शपथ ग्रहण आज

Nilmani Pal
3 July 2023 1:39 AM GMT
झारखंड में बेबी देवी का शपथ ग्रहण आज
x

झारखंड। झारखंड के दिवंगत शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की पत्नी बेबी देवी आज मंत्री पद की शपथ लेंगी। अप्रैल में जगरनाथ महतो का निधन हुआ था। शपथ ग्रहण के एक दिन पहले रविवार को बेबी देवी ने ट्वीट किया जिसमें लिखा था कि जनआकांक्षा और अभिभावकों के आशीर्वाद ने स्व. जगरनाथ बाबू को हर क्षण तत्पर रहने की शक्ति दी। हमारे लिए झामुमो परिवार और संगठन विपरीत परिस्थितियों में साथ रहा है। जगरनाथ बाबू से मिले संस्कार और दायित्व को, सभी कसौटियों पर खरा रखने के लिए पुन आप सभी के सहयोग, आशीर्वाद और दुआ की आकांक्षी हूं।

गौरतलब है कि शनिवार को घोषित किया गया कि दिवंगत शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की पत्नी बेबी देवी मंत्रिपद की शपथ लेंगी। वह हेमंत कैबिनेट में 11वें मंत्री के रूप में शामिल होंगी। इस बात की प्रबल संभावना है कि बेबी देवी को स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्रालय सौंपा जाए। गौरतलब है कि अभी पिछले दिनों बेबी देवी अपने बेटे अखिलेश महतो के साथ रांची आई थीं जहां उन्होंने झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन से मुलाकात की थी। तभी से यह कयास लगाए जाने लगे थे कि बेबी देवी को मंत्री बनाया जा सकता है। मंत्री बनाए जाने की घोषणा के बाद बेबी देवी ने एक स्थानीय न्यूज पोर्टल से बातचीत में कहा कि मैं खुश हूं। उन्होंने काम को लेकर प्राथमिकताओं के बाबत पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि उनके दिवंगत पति जगरनाथ महतो जो काम अधूरा छोड़ गए हैं, वह उन्हें पूरा करेंगी। गौरतलब है कि बेबी देवी को अगले कुछ ही महीनों में उपचुनाव में जाना होगा।

Next Story