भारत

नवनियुक्त झारखंड बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने दिया बड़ा बयान

jantaserishta.com
16 July 2023 10:24 AM IST
नवनियुक्त झारखंड बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने दिया बड़ा बयान
x
रांची: भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष का पदभार संभाला। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में राज्य की सभी 14 लोकसभा सीटों पर जीत सुनिश्चित करेंगे। एक-एक कार्यकर्ता इसके लिए जी-जान लगा देंगे।
मरांडी ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने जिस उम्मीद और विश्वास से उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेवारी दी है, सभी के सहयोग से उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव में असली लड़ाई बूथों पर होती है। इसलिए जहां बूथ कमेटियों का गठन अधूरा है, उसे संगठन महामंत्री की ओर से दी गयी समय सीमा के अंदर पूरा करना है। बूथ हम जीते तो लोकसभा और विधानसभा भी हम जीतेंगे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, विधायक, सांसद और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ टिफिन बैठक करने की बात दुहराई।
मरांडी ने कहा कि संगठन से जोड़ने के लिए हम सबों ने समाज के सभी वर्गों से सभी से संपर्क किया और नरेंद्र मोदी सरकार के नौ वर्षों की उपलब्धियों को पहुंचाया। उपलब्धि तो पहले से पहुंची हुई है, हमें सिर्फ याद दिला देना है। इसमें कंजूसी कार्यकर्ता न करें। महाजनसंपर्क अभियान 2024 में नरेंद्र मोदी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने तक जारी रखना है। उन्होंने विपक्षी दलों के गठबंधन की कवायद पर तंज करते हुए कहा कि देश में लुटेरों का गठबंधन तैयार हो रहा है। हम सबों के सामने चुनौती है। कार्यकर्ताओं को तैयार रहना होगा। गठबंधन करने वाले लोग भारत ही नहीं दुनिया में घूम-घूम कर कहते हैं कि लोकतंत्र की हत्या हो रही है। सही मायनों में गठबंधन करने वाले लोग लोकतंत्र की हत्या कर रहे हैं। बंगाल में विषम परिस्थितियों में बीजेपी ने पंचायत चुनाव में प्रचंड जीत हासिल की, सभी कार्यकर्ता का आभार है।
मरांडी ने कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार करते हुए कहा कि अब चुप रहने का वक्त नहीं है। हमें भाजपा सरकार की उपलब्धियों को बार-बार दुहराना है। हमें सभी को बताना है कि भाजपा ने इस राज्य को सम्मान दिया। आदिवासी राष्ट्रपति, अलग आदिवासी मंत्रालय भाजपा की देन है। भाजपा की संचालित सभी योजनाओं को सही तरीके से जनता के समक्ष रखने की जरूरत है।
मरांडी ने कहा कि झारखंड की सरकार लुटेरी है। सरकार ने कोयला, बालू, पत्थर, जमीन तक को लूटने का काम किया है। राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा की कई सेवा के लिए पैसों की जरूरत नहीं होती। आप गांवों में रोजमर्रे की समस्याओं से जूझ रहे लोगों की समस्या का उचित विभाग जाकर उनकी समस्या का समाधान कर सेवा कर सकते हैं। अधिकारी और सरकार को बताना होगा कि बीजेपी के कार्यकर्ता अब जाग चुके है। कोई गड़बड़ी नहीं चलेगी। भावी चुनावों को अवसर में बदलने का काम उनके नेतृत्व में एक-एक कार्यकर्ता करके लोकसभा की सभी 14 सीट जीतकर नरेंद्र मोदी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने में अपना बहुमूल्य योगदान देने का काम करेंगे। वहीं, विधान सभा चुनाव में इस गठबंधन सरकार को उखाड़ कर यहां कमल खिलाने में एक-एक कार्यकर्ता जी-जान लगा देंगे। समारोह में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता-कार्यकर्ता मौजूद रहे।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story