भारत

केदारताल में हिमस्खलन का कहर, 2 ट्रेकर्स के शव मिले, 6 अब भी लापता

SHIDDHANT
3 Nov 2026 10:51 PM IST
केदारताल में हिमस्खलन का कहर, 2 ट्रेकर्स के शव मिले, 6 अब भी लापता
x
रेस्क्यू ऑपरेशन
उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में केदारताल ट्रैक पर हिमस्खलन और भारी बर्फबारी के कारण लापता हुए आठ लोगों में से दो के शव बरामद किए गए हैं। मंगलवार को चलाए गए बचाव अभियान के दौरान एक महिला और एक पुरुष का शव बर्फ में दबा मिला। अन्य छह लोगों की तलाश जारी है। खराब मौसम और दुर्गम रास्तों के कारण राहत एवं बचाव अभियान में लगातार बाधाएं आ रही हैं।
केदारताल ट्रैक पर लापता लोगों की तलाश मंगलवार को पांचवें दिन भी जारी रही। राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM) की संयुक्त टीम ने सुबह करीब 7:30 बजे अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दो शव बरामद किए गए। दोपहर करीब तीन बजे तक तलाशी अभियान चलाने के बाद टीम शिविर में लौट आई। अधिकारियों के अनुसार, मौसम अनुकूल रहने पर बुधवार सुबह दोबारा खोज अभियान शुरू किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, 27 अक्टूबर को सात ट्रेकर्स और छह सहायक कर्मचारियों सहित 13 लोगों का दल गंगोत्री से केदारताल के लिए रवाना हुआ था। दल को 29 अक्टूबर तक लौटना था, लेकिन अचानक मौसम खराब होने और भारी बर्फबारी के कारण सदस्य रास्ते में फंस गए। बाद में बचाव अभियान के दौरान चार लोगों को सुरक्षित खोज लिया गया, जबकि आठ लोगों की तलाश जारी थी।
करीब चार हजार मीटर की ऊंचाई पर स्थित केदारताल क्षेत्र में भारी बर्फबारी और हिमस्खलन ने बचाव अभियान को चुनौतीपूर्ण बना दिया है। कई स्थानों पर रास्ते बर्फ से ढक गए हैं। बचाव दलों को प्रभावित इलाके तक पहुंचने के लिए हेलिकॉप्टर की सहायता लेनी पड़ रही है। SDRF, NIM और NDRF के जवानों के साथ वन विभाग तथा स्थानीय बचाव दल भी अभियान में सहयोग कर रहे हैं। बचाव दलों की क्षमता बढ़ाने के लिए अतिरिक्त जवान भेजने की तैयारी की गई है।
हादसे के बाद वन विभाग ने एहतियात के तौर पर चार हजार मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले ट्रैकिंग मार्गों के लिए नए परमिट जारी करने पर रोक लगा दी है। गौमुख-तपोवन सहित अन्य ऊंचाई वाले मार्गों पर भी मौसम की स्थिति को देखते हुए आवाजाही प्रभावित हुई है। प्रशासन का कहना है कि लापता छह लोगों की तलाश सर्वोच्च प्राथमिकता है। बुधवार को मौसम अनुकूल रहने पर बचाव अभियान फिर तेज किया जाएगा। फिलहाल दोनों बरामद शवों की पहचान की प्रक्रिया और शेष लापता लोगों की खोज जारी है।
Next Story