भारत

आगरा में नाले में पलटा ऑटो पुलिस ने पांच लोगों को सकुशल निकाला

SHIDDHANT
7 Aug 2026 9:20 PM IST
आगरा में नाले में पलटा ऑटो पुलिस ने पांच लोगों को सकुशल निकाला
x
Agra आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में एक ऑटो अनियंत्रित होकर नाले में पलट गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान चलाया और ऑटो में सवार सभी पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
एडिशनल डीसीपी (क्राइम) हिमांशु गौरव ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के एक नाले में ऑटो पलट गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद ऑटो को नाले से बाहर निकाला गया और उसमें सवार सभी पांच लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस के अनुसार, इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है, हालांकि कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार और चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि वाहन का संतुलन बिगड़ने के कारण ऑटो नाले में जा गिरा। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों ने भी बचाव अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई, जिससे समय रहते सभी यात्रियों की जान बचाई जा सकी। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
Next Story