महिला जिलाध्यक्ष की हत्या की कोशिश, घर में घुसकर लोहे की रॉड से हमला

यूपी। समाजवादी पार्टी की चंदौली की महिला सभा की जिलाध्यक्ष पर जानलेवा हमला किया गया है। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह घर में घुसकर जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल पर कुछ लोगों ने लात-घूंसों और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिलाध्यक्ष को पहले राजकीय महिला अस्पताल और बाद में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। जिलाध्यक्ष ने राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के चलते जानलेवा हमला किए जाने का आरोप लगाया है। कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जलीलपुर चौकी क्षेत्र के मढ़िया गांव निवासी गार्गी पटेल सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष हैं। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, वाराणसी के काशी विद्यापीठ ब्लॉक के पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख एवं सूजाबाद निवासी प्यारे मामा के साथ गार्गी पटेल करीब 15 वर्षों से जमीन का कारोबार करती हैं। गुरुवार सुबह जमीन के सिलसिले में प्यारे मामा उनके घर गए थे। करीब दस मिनट बाद प्यारे मामा की पत्नी, बेटी और दोनों बेटे वहां पहुंच गए और दरवाजा पीटने लगे। गेट खोलते ही चारों ने गार्गी पटेल पर हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने आए प्यारे मामा को भी धक्का देकर गिरा दिया गया। आरोप है कि चारों ने गार्गी पटेल की लात-घूंसों और लोहे की रॉड से पिटाई की तथा बाल पकड़कर उन्हें जमीन पर घसीटा। गंभीर रूप से घायल गार्गी पटेल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गार्गी पटेल के भाई ने प्यारे मामा की पत्नी, बेटी और दो बेटों के खिलाफ मुगलसराय कोतवाली में नामजद तहरीर दी है। कोतवाल विजय प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर मिल गई है। मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।





