श्यामनगर में हत्या की कोशिश, पत्नी को कैंची घोंपकर पति फरार

श्यामनगर। मेरठ में लिसाड़ी गेट के श्यामनगर में पत्नी से मोबाइल चलाने को लेकर हुए विवाद में पति ने महिला के पेट में चाकू घोंप दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया। पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी और महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और तलाश में टीम लगाई है।
श्यामनगर निवासी साकिब ने दो निकाह किए हैं। एक पत्नी लायबा श्यामनगर में साकिब के साथ रहती और सात माह का बच्चा है। दूसरी पत्नी सायमा श्यामनगर में दूसरे मकान में रहती है। 10 दिन पहले साकिब सायमा को लेकर गाजियाबाद निकाह में गया था। इसको लेकर साकिब और लायबा के बीच विवाद हुआ।
तीन दिन पहले लायबा का भाई आया और पति-पत्नी में समझौता कराकर गया था। लायबा मंगलवार शाम मोबाइल चला रही थी। इसी दौरान साकिब ने मोबाइल चलाने से मना किया तो लायबा और साकिब के बीच विवाद हो गया। साकिब ने गुस्से में कैंची उठाकर पत्नी के पेट में घोंप दी। चीख पुकार मची तो मोहल्ले के लोग जमा हो गए। पड़ोसियों ने साकिब को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह निकल भागा। लायबा को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।





