भारत
सऊदी पर हमले निंदनीय, जल्द शांति बहाली की हम करते हैं उम्मीद: भारत
jantaserishta.com
22 Oct 2026 4:15 PM IST

x
नई दिल्ली: भारत ने गुरुवार को सऊदी अरब में नागरिकों और ऊर्जा ठिकानों पर लगातार हो रहे हमलों की निंदा की। इनमें किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और अरामको के शायबाह तेल क्षेत्र पर हुए हमले भी शामिल हैं। साथ ही, भारत ने उम्मीद जताई कि इस क्षेत्र में जल्द से जल्द शांति और सामान्य स्थिति बहाल हो जाएगी।
विदेश मंत्रालय (एमईए) ने एक बयान जारी कर कहा, "हम सऊदी अरब में नागरिकों और ऊर्जा ढांचों पर लगातार हो रहे हमलों की कड़ी निंदा करते हैं। इनमें 21 अक्टूबर को दम्मम स्थित किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और पूर्वी प्रांत में सऊदी अरामको के शायबाह तेल क्षेत्र पर हुए हमले भी शामिल हैं। दुर्भाग्य से, इन हमलों में नागरिकों की मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं।"
विदेश मंत्रालय ने बताया कि दम्मम हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक भारतीय की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए, जबकि शायबाह तेल क्षेत्र पर हुए हमले में एक और भारतीय नागरिक घायल हुआ। मंत्रालय ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
मंत्रालय ने कहा कि रियाद में भारतीय दूतावास सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है और हर संभव सहायता प्रदान करेगा। विदेश मंत्रालय ने सऊदी अरब की संप्रभुता की रक्षा के लिए भारत के समर्थन को दोहराया।
मंत्रालय ने कहा, "हम फिर से दोहराते हैं कि नागरिकों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर हमले पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं और इन्हें तुरंत रोका जाना चाहिए। हम सऊदी अरब की संप्रभुता की रक्षा के लिए वहां की सरकार और लोगों के साथ खड़े हैं, और उम्मीद करते हैं कि इस क्षेत्र में जल्द से जल्द शांति और सामान्य स्थिति बहाल हो जाएगी।"
सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने जानकारी दी थी कि बुधवार को दम्मम के किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। दूतावास ने कहा कि वे और अधिक जानकारी जुटा रहे हैं और पीड़ित परिवारों के संपर्क में हैं।
दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "सऊदी अधिकारियों ने बताया है कि दम्मम हवाई अड्डे पर हुए हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। इसके अलावा, दो भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। हम और अधिक जानकारी जुटा रहे हैं और प्रभावित परिवारों से संपर्क कर रहे हैं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं मृतक के परिवार और उनके प्रियजनों के साथ हैं, और हम घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।"
इस बीच, सऊदी अरब के 'जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन' (जीएसीए) ने बताया कि बुधवार को किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक भारतीय और एक सऊदी नागरिक शामिल हैं।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





