भारत
बीड मस्जिद विस्फोट मामले में एटीएस ने आरोपियों से की पूछताछ
jantaserishta.com
31 March 2025 11:51 AM IST

x
बीड: महाराष्ट्र के बीड जिले में गेवराई तहसील के अर्धा मसला गांव में मस्जिद में हुए ब्लास्ट के बाद बीड पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनसे पूछताछ जारी है। घटना के बाद एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) की टीम भी मौके पर पहुंची और देर रात तक दोनों आरोपियों से पूछताछ की। एटीएस इस बात की समानांतर जांच कर रही है कि इस घटना में कोई टेरर एंगल शामिल है या यह आरोपियों की महज शरारत थी।
वहीं, आधिकारिक तौर पर यह मामला लोकल क्राइम ब्रांच के पास है, जो इसकी गहन जांच में जुटी हुई है। पुलिस आरोपियों के बैकग्राउंड की छानबीन कर रही है और उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स को ट्रैक कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस ब्लास्ट की साजिश में कितने लोग शामिल थे और उनका मकसद क्या था। अधिकारियों ने बताया कि मामले की तह तक जाने के लिए सभी पहलुओं पर बारीकी से काम किया जा रहा है।
बीड जिले में रविवार को एक मस्जिद में हुए धमाके के बाद इलाके में तनाव का माहौल व्याप्त है। घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तत्काल अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। बीड पुलिस अधीक्षक नवनीत कावर ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि रविवार तड़के करीब पौने तीन बजे मस्जिद में धमाका हुआ था। सूचना मिलते ही 20 मिनट के भीतर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई और सुबह साढ़े पांच बजे तक स्थिति का जायजा लिया गया।
उन्होंने कहा, "दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने मस्जिद के अंदर विस्फोटक उपकरण का इस्तेमाल कर धमाका किया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपियों का मुस्लिम समाज के कुछ बच्चों से विवाद हुआ था, जिसके बदले में उन्होंने यह कदम उठाया।" कावर ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और स्थानीय क्राइम ब्रांच को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जांच की निगरानी के लिए एक पुलिस इंस्पेक्टर को विशेष रूप से नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा, "यह उच्च स्तरीय जांच होगी, जो निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाएगी। दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।"
पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अफवाहों से बचने और प्रशासन पर भरोसा रखने की अपील की है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कानूनी प्रक्रिया के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि क्षेत्र में शांति और सौहार्द बना रहे।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





