भारत

कर्नाटक विधान सभा चुनाव में अतीक अहमद की एंट्री, भाजपा ने कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की लिस्ट पर उठाया सवाल

jantaserishta.com
20 April 2023 5:10 PM IST
कर्नाटक विधान सभा चुनाव में अतीक अहमद की एंट्री, भाजपा ने कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की लिस्ट पर उठाया सवाल
x

फाइल फोटो

नई दिल्ली (आईएएनएस)| कर्नाटक में विधान सभा चुनाव के लिए जारी चुनाव प्रचार के बीच अब अतीक अहमद की भी एंट्री हो गई है। भाजपा ने कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की लिस्ट पर सवाल उठाते हुए कहा है कि कांग्रेस ने माफिया अतीक अहमद को अपना गुरु मानने वाले और हिंदू विरोधी विवादास्पद बयान देने वाले इमरान प्रतापगढ़ी को अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शामिल कर अपने इरादे साफ कर दिए हैं।
भाजपा ने इस मसले पर कर्नाटक से लेकर दिल्ली तक कांग्रेस को घेरने की कोशिश की। दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी और तुष्टिकरण दोनों ही पर्यायवाची शब्द हैं। यह हिन्दुस्तान और कर्नाटक की जनता भलीभांति जानती है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी का यह चरित्र है कि जो लोग हिन्दुस्तान के खिलाफ बोलते हैं, कांग्रेस समय-समय पर उन लोगों को प्रमोट करती है, राजनीति में आगे बढ़ाती है और स्टार प्रचारक बनाती है। कांग्रेस ने इमरान प्रतापगढ़ी को कर्नाटक विधान सभा चुनाव में अपना स्टार प्रचारक बनाया है। ये वही इमरान प्रतापगढ़ी हैं, जो पहले धड़ से सिर अलग करने की घटना का समर्थन करते हैं। इमरान प्रतापगढ़ी अतीक अहमद जैसे लोगों को अपना गुरु मानते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा इस प्रकार का काम कोई पहली बार नहीं हो रहा है। कुछ राजनीतिक दल ऐसे लोगों को आगे बढ़ाती हैं, जो बोटी-बोटी काट देने वाली राजनीति पर विश्वास करते हैं। पिछले चुनाव में इस प्रकार के नारे प्रधानमंत्री के खिलाफ लगाए गए थे। यह वही कांग्रेस पार्टी है, जो कहती है कि मोदी तेरी कब्र खुदेगी। इस प्रकार की कांग्रेस पार्टी से और क्या उम्मीद की जा सकती है।
वहीं इस मसले पर कर्नाटक में कांग्रेस को घेरने का जिम्मा उठाया प्रदेश से सांसद और केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के राज्य सभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी गैंगस्टर अतीक अहमद और अशरफ अहमद को गुरु मानते थे, भाई बोलते थे और उन्होंने इस रिश्ते को खुशी से सोशल मीडिया पर भी शेयर किया है। उन्होंने कहा कि इससे साबित होता है कि कांग्रेस का हाथ अपराधियों और देशद्रोहियों के साथ है। केंद्रीय मंत्री ने इमरान प्रतापगढ़ी पर कर्नाटक में आकर हिंदू विरोधी भाषण देने का भी आरोप लगाया।
आपको बता दें कि, अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की कुछ दिनों पहले ही मेडिकल के लिए ले जाते समय प्रयागराज में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story