
x
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि धर्मशाला में विधानसभा का शीतकालीन सत्र नवंबर माह में आयोजित करने का प्रस्ताव है। उन्होंने सोमवार शाम जिला स्तरीय शाहपुर दशहरा उत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्यातिथि संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री से बातचीत हुई है। पर्यटकों और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नवंबर में सत्र आयोजित करने पर विचार किया जा रहा है। यदि ऐसा होता है तो हिमाचल प्रदेश की राजनीति के शीतकालीन गढ़ तपोवन धर्मशाला में इस बार विधानसभा की गूंज तय समय से पहले सुनाई देगी। अमूमन दिसंबर की कड़ाके की ठंड और पर्यटन सीजन के बीच आयोजित होने वाला विधानसभा का शीतकालीन सत्र इस बार नवंबर महीने में ही करवाने की तैयारी है।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने इस बड़े बदलाव के पुख्ता संकेत दिए हैं। ऐसे में कहा जा सकता है कि हिमाचल प्रदेश की शीतकालीन राजधानी धर्मशाला के तपोवन में इस बार सियासी पारा तय समय से पहले ही चढऩे वाला है। दशकों पुरानी परंपरा में बड़ा बदलाव करते हुए दिसंबर की कड़ाके की ठंड के बीच होने वाला विधानसभा का शीतकालीन सत्र इस बार नवंबर में ही आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने इस अहम बदलाव के संकेत देकर प्रदेश के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। इस ऐतिहासिक बदलाव के पीछे मुख्य वजह धर्मशाला का पर्यटन सीजन और आम जनता की सहूलियत है।
Next Story





