
x
Shivsagar शिवसागर: पुलिस ने रंगदारी मांगने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान दो आरोपियों को गोली भी लगी, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ईस्टर्न रेंज के आईजीपी सत्यराज हजारिका ने बताया कि शिवसागर पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी एक प्रतिष्ठित कारोबारी से रंगदारी वसूलने की कोशिश में शामिल थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने अभियान चलाकर चारों को पकड़ लिया।
आईजीपी ने कहा कि शिवसागर जिला सशस्त्र बल विशेषाधिकार अधिनियम (AFSPA) के दायरे में नहीं आता, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र में उग्रवादी गतिविधियों को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले यानी 6 मई को पुलिस ने एक उल्फा उग्रवादी से जुड़े मामले में आठ ग्रेनेड और एक पिस्टल बरामद की थी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इलाके में सक्रिय उग्रवादी और आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि रंगदारी और हथियारों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सके। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें। अधिकारियों का कहना है कि राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संगठित अपराध पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Next Story





