भारत

विश्व पर्यावरण दिवस पर अशोक गहलोत की अपील, वृक्षारोपण और जल संरक्षण पर दिया जोर

SHIDDHANT
5 Jun 2026 9:17 PM IST
विश्व पर्यावरण दिवस पर अशोक गहलोत की अपील, वृक्षारोपण और जल संरक्षण पर दिया जोर
x
Rajasthan राजस्थान। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
जयपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान गहलोत ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज को भी इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने आसपास पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने जल संरक्षण की आवश्यकता पर भी जोर देते हुए कहा कि वर्तमान समय में पानी बचाना बेहद जरूरी हो गया है। गहलोत ने कहा कि बदलते मौसम और बढ़ती पर्यावरणीय चुनौतियां चिंता का विषय हैं। ऐसे में सभी लोगों को मिलकर प्रकृति के संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने होंगे। कांग्रेस नेता ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के प्रभाव अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगे हैं और इसका असर आम जनजीवन पर भी पड़ रहा है। इसलिए पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का रूप देने की जरूरत है।
अरावली क्षेत्र का उल्लेख करते हुए गहलोत ने कहा कि वहां अवैध खनन की गतिविधियां जारी हैं, जो पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि अरावली से जुड़े मुद्दों को लेकर पूरे देश में चर्चा हो रही है और इस दिशा में जागरूकता बढ़ी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पर्यावरण संरक्षण, जल बचाव और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को लेकर सरकार और समाज मिलकर प्रभावी प्रयास करेंगे।
Next Story