भारत

विधायक को ब्लैकमेल करने वाला गिरफ्तार, आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की दी थी धमकी

Nilmani Pal
21 Sept 2021 10:32 PM IST
विधायक को ब्लैकमेल करने वाला गिरफ्तार, आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की दी थी धमकी
x
बड़ी कार्रवाई

उत्तराखंड। अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट के विधायक महेश नेगी को ब्लैकमेल कर रंगदारी मांगने के आरोपी को पुलिस ने कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार 22 वर्षीय आरोपी विनय शाह पुत्र राजदेव शाह निवासी 10/34 राधानाथ चौधरी रोड टंगरा कोलकाता का निवासी है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी पंकज भट्ट ने इनाम देने की घोषणा की है। विधायक नेगी ने बीती 20 मई को द्वाराहाट थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ उन्हें मोबाइल पर ब्लैकमेल करने की धमकी देते हुए रंगदारी मांगने की शिकायत दर्ज करायी थी। इसमें कहा था कि फोन करने वाले व्यक्ति ने उनके नंबर पर कॉल कर एडिटिंग किया आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी दी थी। थाने में इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा लिखा गया था।

उप निरीक्षक मोहन सिंह सौन को इसकी जांच दी गई। एसएसपी पंकज भट्ट ने विधायक नेगी को ब्लैकमेल करने वाले की शीघ्र गिरफ्तारी के द्वाराहाट थाना पुलिस को निर्देश दिए थे। इस पर विवेचना अधिकारी एसआई सौन ने अल्मोड़ा साइबर सेल से इस मामले में समन्वय कर आरोपी की तलाश शुरू की। आरोपी के पश्चिम बंगाल में होने की पुख्ता जानकारी उन्हें मिली। पुलिस ने और सुरागकशी कर आरोपी विनय शाह को कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह सोशल मीडिया में यह जानकारी लेता है कि किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति को लेकर कोई विवाद तो नहीं चल रहा है। फिर सोशल मीडिया से ही ऐसे व्यक्ति का मोबाइल नंबर हासिल कर एडिटिंग किया हुआ आपत्तिजनक वीडियो बनाकर फर्जी सिम के जरिये कॉल कर ऐसे व्यक्ति से रकम की मांग करता है।

इस दौरान संबंधित व्यक्ति को फर्जी वीडियो अथवा फोटोग्राफ वायरल करने की धमकी देता है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का इस्तेमाल किया गया मोबाइल और सिम भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस टीम में एसआई मोहन सिंह सौन के साथ कांस्टेबल नारायण सिंह और मोहम्मद शाहिद भी शामिल रहे। विधायक नेगी पुलिस को देंगे 10 हजार का इनामविधायक महेश नेगी ने उन्हें ब्लैकमेल कर उनसे रंगदारी वसूलने की कोशिश करने के आरोपी को गिरफ्तार करने पर पुलिस टीम की सराहना की है। उन्होंने मामले का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को 10 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। विधायक नेगी ने फोन पर यह जानकारी 'हिन्दुस्तान' को दी है। उन्होंने कहा कि मई में उन्हें अज्ञात व्यक्ति ने ब्लैकमेल करते हुए रंगदारी मांगने के लिए फोन किया था। पुलिस ने उनकी शिकायत को गंभीरता से लिया।





Next Story