
x
बाढ़ बचाव अभ्यास के दौरान सेना की बोट डूबी
Yamunanagar यमुनानगर: हरियाणा-हिमाचल प्रदेश सीमा पर हथिनीकुंड बैराज के पास यमुना नदी में बाढ़ बचाव की प्रैक्टिस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अभ्यास के दौरान सेना की मोटर बोट अचानक डेंजर जोन की तरफ चली गई और तेज बहाव के बीच नदी में डूब गई। हादसे के समय मोटर बोट में सेना के चार जवान सवार थे। बोट के डूबते ही चारों जवान यमुना के तेज बहाव में फंस गए। हादसे के बाद तीन जवानों ने साहस दिखाते हुए करीब 600 मीटर तक तैरकर अपनी जान बचाई और सुरक्षित बाहर निकल आए। हालांकि, एक जवान तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। काफी तलाश के बावजूद उसका अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। लापता जवान की तलाश के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
तेज बहाव के कारण बढ़ी मुश्किल
घटना की जानकारी मिलते ही हरियाणा और उत्तर प्रदेश पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। प्रशासन के अधिकारियों ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। लापता जवान की तलाश में मदद के लिए एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। यमुना में पानी का बहाव काफी तेज होने के कारण राहत और बचाव दल को सर्च ऑपरेशन में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। रेस्क्यू टीमों ने नदी और आसपास के इलाके में काफी देर तक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान सेना की नदी में डूबी मोटर बोट का भी पता लगा लिया गया। जवानों और रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद मोटर बोट को पानी से बाहर निकाल लिया। हालांकि, मोटर बोट मिलने के बावजूद लापता जवान का कोई पता नहीं चल सका है।
डेंजर जोन की तरफ चली गई थी बोट
बताया जा रहा है कि सेना के जवान बाढ़ बचाव से संबंधित अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान मोटर बोट अचानक नदी के डेंजर जोन की तरफ चली गई। तेज बहाव के बीच बोट का संतुलन बिगड़ा और वह पानी में डूब गई। हादसे के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने तत्काल बचाव अभियान शुरू कराया। एनडीआरएफ के जवान भी लापता सैनिक की तलाश में जुटे हैं। नदी के तेज बहाव को देखते हुए सर्च ऑपरेशन में अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है।
सुरक्षा से जुड़ा मामला होने के कारण अधिकारी चुप
देर शाम तक सेना की ओर से हादसे को लेकर कोई आधिकारिक विस्तृत जानकारी जारी नहीं की गई थी। वहीं, संबंधित पुलिस अधिकारियों ने भी घटना के संबंध में ज्यादा जानकारी देने से इनकार किया। अधिकारियों की ओर से इसे देश की सुरक्षा से जुड़ा मामला बताया गया है। फिलहाल सेना की मोटर बोट को नदी से बाहर निकाल लिया गया है और तीन जवान सुरक्षित हैं। वहीं, लापता जवान की तलाश लगातार जारी है। रेस्क्यू टीमों की नजर यमुना के तेज बहाव के साथ आसपास के क्षेत्रों पर भी बनी हुई है।
Next Story





