भारत

सेना के जवान की गोली लगने से मौत, गांव में हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी

jantaserishta.com
10 April 2025 3:50 PM IST
सेना के जवान की गोली लगने से मौत, गांव में हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी
x
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र के गांव मुंडीखेड़ी में उस समय सनसनी फैल गई, जब 27 वर्षीय सेना के जवान विक्रांत का गोली लगा शव खेत में पड़ा मिला। इस घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
परिजनों के अनुसार, विक्रांत बुधवार शाम करीब 7.30 बजे खाना खाने के बाद घर से निकला था। देर रात तक उसके घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार सुबह खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने चकरोड पर जवान का शव देखा, जिसके सीने में गोली लगी थी। शव की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही सीओ नकुड़ एस.एन. वैभव पांडेय, इंस्पेक्टर संजीव कुमार पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ की।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस बीच, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रोहित सजवान भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। परिजनों ने बताया कि विक्रांत साल 2019 में सेना में भर्ती हुआ था और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में तैनात था। वह तीन दिन पहले ही एक महीने की छुट्टी पर अपने गांव आया था। दो भाइयों में बड़ा और अविवाहित विक्रांत की मौत से परिवार सदमे में है। परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
एसएसपी रोहित सजवान ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। परिजनों से तहरीर मिलने की प्रक्रिया चल रही है और पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों और परिजनों में आक्रोश व्याप्त है। सभी इस घटना की सच्चाई जानने को बेताब हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की तह तक जाकर दोषियों को सजा दिलाई जाएगी।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story