श्रीलंका पहुंचे सेना प्रमुख नरवणे, शीर्ष सैन्य अधिकारियों से होगी वार्ता
कोलंबो, भारतीय सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे चार दिवसीय यात्रा पर मंगलवार को श्रीलंका पहुंचे। इस दौरान वह द्विपक्षीय सैन्य संबंधों की प्रगाढ़ता के साथ-साथ क्षेत्रीय सुरक्षा की चुनौतियों जैसे मुद्दों पर श्रीलंकाई नेतृत्व व शीर्ष सैन्य अधिकारियों से बातचीत करेंगे। द्वीपीय राष्ट्र में प्रभाव बढ़ाने की चीन की कोशिशों के बीच जनरल नरवणे का श्रीलंकाई दौरा अहम माना जा रहा है। श्रीलंकाई समकक्ष जनरल शावेंद्र सिल्वा के निमंत्रण पर कोलंबो पहुंचे नरवणे का हवाईअड्डे पर शीर्ष सैन्य कमांडर ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। कोलंबो स्थित भारतीय उच्चायोग ने ट्वीट किया, 'जनरल नरवणे का दौरा भारत व श्रीलंका के बीच सैन्य सहयोग को और मजबूत करेगा।' जनरल नरवणे श्रीलंकाई सेना के सर्वोच्च कमांडर व राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे तथा प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे से भी मुलाकात कर सकते हैं।