
x
Faridabad. फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी डीलर के घर में घुसकर परिवार को बंधक बना लिया और बड़ी रकम लेकर फरार हो गए। वारदात फतेहपुर तगा गांव में शुक्रवार देर रात करीब ढाई बजे की है। परिवार के मुताबिक घर से करीब एक करोड़ रुपये की नकदी लूटी गई है। हालांकि पुलिस ने अभी लूटी गई रकम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फतेहपुर तगा निवासी अब्दुल करीम प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। वह गांव के पूर्व सरपंच असरद के भाई बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, शनिवार को कुछ जमीनों की रजिस्ट्री होनी थी। इसके लिए जमीन की बिक्री से मिली बड़ी रकम घर में रखी गई थी। बदमाशों ने इसी नकदी को निशाना बनाया।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात करीब ढाई बजे लगभग पांच हथियारबंद बदमाश घर में दाखिल हुए। बदमाशों ने हथियारों के बल पर परिवार के सदस्यों को अपने कब्जे में ले लिया। परिवार को बंधक बनाने के बाद घर में रखी नकदी के बारे में जानकारी ली और फिर रकम लेकर फरार हो गए। वारदात के दौरान पूर्व सरपंच को भी रस्सी से बांधे जाने की बात सामने आई है। बदमाशों के फरार होने के बाद परिवार के लोगों ने किसी तरह घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही धौज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घर से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है, ताकि बदमाशों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान से जुड़े सुराग मिल सकें। जांच का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि बदमाशों को घर में बड़ी रकम रखे होने की जानकारी कैसे मिली। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जमीन की बिक्री से मिली रकम घर में कब लाई गई थी और इस संबंध में किन-किन लोगों को जानकारी थी।
धौज थाना प्रभारी अनिल कुमार के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। परिवार के सदस्यों से वारदात के संबंध में जानकारी ली जा रही है। बदमाशों की संख्या, उनके पास मौजूद हथियार और वारदात को अंजाम देने के तरीके से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। फिलहाल करीब एक करोड़ रुपये लूटे जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही लूटी गई रकम और वारदात में शामिल आरोपियों को लेकर पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Next Story





