भारत

शराब तस्कर को छुड़ाने के लिए थाने पर असामाजिक तत्वों का हमला, पुलिस ने आत्मरक्षार्थ की फायरिंग

jantaserishta.com
26 April 2025 12:00 PM IST
शराब तस्कर को छुड़ाने के लिए थाने पर असामाजिक तत्वों का हमला, पुलिस ने आत्मरक्षार्थ की फायरिंग
x
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस बेवजह परेशान कर रही है.
कटिहार: बिहार के कटिहार जिले के डंडखोरा थाना पर शनिवार को बड़ी संख्या में जुटे लोगों ने थाने पर हमला बोल दिया। ये सभी लोग हाजत में बंद एक शराब कारोबारी को छुड़ाने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान भीड़ ने जमकर हंगामा किया और पुलिसकर्मियों को भी निशाना बनाया।
इस अचानक हुए हमले में तीन से चार पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है। पुलिस को आत्मरक्षार्थ हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को डंडखोरा थाने की पुलिस ने रायपुर गांव से एक शराब कारोबारी को गिरफ्तार किया था। इसकी सूचना शनिवार को जब गांव के लोगों को लगी तो वे उग्र हो गए। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस बेवजह परेशान कर रही है।
पुलिस हिरासत से शराब कारोबारी सूरज कुमार को छुड़ाने के लिए बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और लाठी-डंडों से लैस होकर थाना परिसर में पहुंच गए। यहां लोगों ने जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ की। इस बीच, जब पुलिस ने मोर्चा संभाला तो लोग और उग्र हो गए और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की। इस दौरान तीन से चार पुलिसकर्मियों को चोट भी लगी है।
पुलिस ने आत्मरक्षा में और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए चार से पांच राउंड हवाई फायरिंग भी की। कटिहार के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने आईएएनएस को बताया कि अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि शराब तस्कर अभी भी पुलिस हिरासत में है। उन्होंने कहा कि इस मामले में जांच होगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। एक आरोपी को छुड़ाने की कोशिश की गई थी। इस मामले में तीन से चार लोगों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है तथा सीसीटीवी फुटेज की जांच कर थाना में हंगामा करने वालों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story
    null