भारत

भारत-पाक सीमा पर फिर नापाक साजिश नाकाम, बरामद हुई AK राइफलें और कारतूसों की बड़ी खेप

SHIDDHANT
5 Nov 2025 12:04 AM IST
भारत-पाक सीमा पर फिर नापाक साजिश नाकाम,  बरामद हुई AK राइफलें और कारतूसों की बड़ी खेप
x
सर्च ऑपरेशन
Punjab पंजाब: पाकिस्तान की एक और नापाक साजिश का पर्दाफाश हुआ है। पंजाब पुलिस ने भारत-पाकिस्तान सीमा से लगी रावी नदी के किनारे एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियारों की भारी खेप बरामद की है। पुलिस ने गांव घोनेवाल से दो एके-सीरीज असॉल्ट राइफलें, एक आधुनिक पिस्तौल और सैकड़ों जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। यह बरामदगी पाकिस्तान के आतंक फैलाने और भारत को अस्थिर करने के इरादे को एक बार फिर उजागर करती है। जानकारी के अनुसार, अमृतसर ग्रामीण पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सीमा पार से हथियारों की एक खेप भारतीय सीमा में भेजी गई है। इसके बाद एसएसपी अमृतसर ग्रामीण मनिंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विशेष अभियान चलाया। तलाशी के दौरान भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे रावी नदी क्षेत्र में एक बैग बरामद हुआ जिसमें आधुनिक
हथियार
और बड़ी मात्रा में गोला-बारूद छिपाया गया था।

बरामद सामग्री में दो एके-सीरीज असॉल्ट राइफलें, आठ मैगजीन, एक .30 बोर पिस्तौल, दो मैगजीन, .30 बोर के 50 जिंदा कारतूस और 7.62 एमएम के 245 जिंदा कारतूस शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि यह खेप पाकिस्तान की ओर से भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की नीयत से भेजी गई थी, लेकिन सतर्कता के चलते इसे समय रहते पकड़ लिया गया। एसएसपी मनिंदर सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई विलेज डिफेंस कमेटी (Village Defence Committee) की मदद से की गई। स्थानीय ग्रामीणों ने सीमा पार से संदिग्ध गतिविधि की सूचना दी थी, जिसके बाद तत्काल सर्च ऑपरेशन चलाया गया। उन्होंने कहा, “हमारी पुलिस टीमों ने समय पर कार्रवाई कर पाकिस्तान की साजिश को नाकाम किया है। इस बरामदगी ने कई बड़े नेटवर्क के संभावित लिंक उजागर किए हैं, जिनकी जांच जारी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि हथियार ड्रोन के जरिए सीमा पार से गिराए गए थे। पंजाब में पहले भी इस तरह के कई मामलों में पाकिस्तानी ड्रोन का इस्तेमाल कर हथियार और ड्रग्स भेजने के सबूत मिले हैं। अधिकारियों ने बताया कि पूरे इलाके में तलाशी अभियान जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है। केंद्रीय एजेंसियों को भी जांच में शामिल किया गया है ताकि पाकिस्तान समर्थित किसी आतंकी मॉड्यूल का पता लगाया जा सके। गौरतलब है कि पंजाब पुलिस पिछले कुछ महीनों में कई बार सीमा पार से भेजी गई ड्रोन डिलीवरी और हथियार सप्लाई चेन का पर्दाफाश कर चुकी है। इससे पहले भी अमृतसर, तरनतारन और गुरदासपुर जिलों में ऐसी बरामदगियां की जा चुकी हैं।
Next Story