भारत
धनबाद में एक और अग्निकांड, आग लगने से 19 दुकानें जल कर खाक
jantaserishta.com
30 Jan 2023 12:16 PM IST

x
धनबाद (आईएएनएस)| धनबाद के कुमारधुबी बाजार में सोमवार को अहले सुबह लगी भीषण आग में एक साथ 19 दुकानें जलकर राख हो गईं। फायर ब्रिगेड की तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन इस अग्निकांड में दुकानदारों को भारी नुकसान हुआ है। बीते शनिवार को धनबाद के बैंक मोड़ थाना क्षेत्र में एक प्राइवेट हॉस्पिटल में लगी आग में डॉक्टर दंपति सहित पांच लोगों की जान चली गई थी। दो दिनों के अंतराल में आग लगने से यह दूसरा बड़ा हादसा सामने आया है।
कुमारधुबी बाजार की कुछ दुकानों में सोमवार सुबह आग लगने की खबर फैली तो स्थानीय लोगों ने पहले खुद इसे बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग ने देखते-देखते 19 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद इसपर काबू पाया जा सका।
आग लगने से कपड़े की चार दुकानें, दो पूजा भंडार और 13 फल एवं सब्जी की दुकानें जलकर राख में तब्दील हो गईं। आग कैसे लगी, इसका पता नहीं चल पाया है। दुकानदारों में से कुछ का कहना है कि इसके पीछे किन्हीं असामाजिक तत्वों की शरारत हो सकती है।
उधर धनबाद के हाजरा क्लिनिक एंड हॉस्पिटल में बीते शनिवार को आग लगने से पांच लोगों की मौत की घटना को लेकर जिला पुलिस और प्रशासन ने जांच टीम गठित की है। फॉरेसिंक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। हॉस्पिटल को सील कर दिया गया है। आईएमए की धनबाद इकाई ने इस हादसे की सीबीआई जांच कराने की मांग की है। मृतक डॉक्टर दंपति की पुत्री ने भी इस अग्निकांड को किसी साजिश का हिस्सा बताया है।
Tagsधनबादधनबाद न्यूज़धनबाद पुलिसधनबाद अग्निकांडDhanbadDhanbad newsDhanbad policeDhanbad fire incident
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





