भारत

चमत्कारी मंदिर में फिर चोरी की कोशिश, मचा हड़कंप

jantaserishta.com
31 Oct 2025 4:42 PM IST
चमत्कारी मंदिर में फिर चोरी की कोशिश, मचा हड़कंप
x
वीडियो सामने आया.
अलवर: राजस्थान का अलवर जिला एक बार फिर अपराध की वजह से सुर्खियों में है. कभी ऑनलाइन ठगी तो कभी लूट. अलवर अब चोरी की घटनाओं के लिए भी कुख्यात हो गया है. इस बार चोरों के निशाने पर भगवान का घर आ गया. शहर के बीचोंबीच लाल डिग्गी स्थित पुराने आरटीओ ऑफिस चौराहे पर स्थित चमत्कारी महादेव मंदिर में बीती रात चोरों ने तीसरी बार चोरी का प्रयास किया. हालांकि इस बार वे ताला तोड़ने में सफल नहीं हो पाए, लेकिन उनकी पूरी करतूत मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
दरअसल, आर्मी हॉस्पिटल के पास स्थित यह प्राचीन मंदिर आसपास के लोगों की आस्था का केंद्र है. मंदिर का संचालन स्थानीय भक्तों द्वारा किया जाता है. मंदिर की देखरेख करने वाले प्रमोद सैनी ने बताया कि एक महीने के भीतर यह तीसरी वारदात है. इससे पहले चोर मंदिर से दान पात्र, भगवान के चांदी के मुकुट, तांबे के बर्तन और पूजा सामग्री चोरी कर ले गए थे. बार-बार हो रही घटनाओं से परेशान होकर श्रद्धालुओं ने मंदिर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे, लेकिन चोरी की कोशिशें फिर भी नहीं थमीं.
बीती रात दो चोर मंदिर में पहुंचे और ताले को तोड़ने की कोशिश करने लगे. कैमरे में देखा गया कि दोनों आरोपी लंबे समय तक मंदिर परिसर में घूमते रहे और मौका तलाशते रहे. जब ताला नहीं टूटा तो वे वहां से भाग खड़े हुए. इस घटना के बाद मंदिर समिति ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मंदिर शहर के मुख्य मार्ग पर स्थित है, जहां दिनभर लोगों की भीड़ लगी रहती है. बस स्टैंड की बसे भी मंदिर के सामने से गुजरती हैं, ऐसे में इतनी भीड़भाड़ वाले इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं होना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है.
प्रमोद सैनी ने कहा, यह मंदिर बहुत पुराना है और लोगों की श्रद्धा से जुड़ा है. रात में भी सड़क पर आवाजाही रहती है. फिर भी चोर इतने निडर होकर मंदिर में घुस जाते हैं. यह शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाता है. पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों ने मांग की है कि मंदिर परिसर में रात के समय गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story