भारत

अंकिता भंडारी के चरित्र हनन का आरोप, माता-पिता ने विनोद आर्य के खिलाफ दी तहरीर

SHIDDHANT
24 Nov 2026 10:47 PM IST
अंकिता भंडारी के चरित्र हनन का आरोप, माता-पिता ने विनोद आर्य के खिलाफ दी तहरीर
x
बेटी की निजी चैट वायरल करने का आरोप
देहरादून। उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक बार फिर विवाद बढ़ गया है। अंकिता के माता-पिता ने उनकी बेटी की निजी व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक करने और उसकी मौत को लेकर कथित रूप से झूठे दावे करने के मामले में विनोद आर्य के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। विनोद आर्य हत्याकांड में दोषी पुलकित आर्य के पिता हैं। अंकिता के परिजनों ने उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
अंकिता के माता-पिता सामाजिक कार्यकर्ता योगिता भयाना के साथ रविवार रात देहरादून के राजपुर पुलिस थाने पहुंचे थे। उन्होंने लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि उनकी बेटी की निजी बातचीत सार्वजनिक करके तथ्यों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है। अंकिता की मां ने विनोद आर्य पर उनकी बेटी का चरित्र हनन करने का आरोप लगाया है।
सोमवार को अंकिता के माता-पिता दोबारा पुलिस थाने पहुंचे। उन्हें बताया गया कि उनकी शिकायत पर अभी प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। राजपुर थाने के एक अधिकारी के मुताबिक, शिकायत देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भेजी गई है और उनके निर्देशों का इंतजार किया जा रहा है।
दरअसल, विनोद आर्य ने 16 नवंबर को हरिद्वार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान अंकिता की कथित निजी चैट के चार हजार से अधिक पन्ने सार्वजनिक किए थे। उन्होंने इन दस्तावेजों का हवाला देते हुए अपने बेटे को निर्दोष बताया था और मामले की सीबीआई जांच की मांग की थी। उनके दावों को लेकर अंकिता के माता-पिता ने आपत्ति जताई है।
गौरतलब है कि ऋषिकेश के पास स्थित वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के रूप में कार्यरत 19 वर्षीय अंकिता भंडारी की 18 सितंबर 2022 को हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों सौरभ भास्कर तथा अंकित गुप्ता को अदालत उम्रकैद की सजा सुना चुकी है।
वहीं, अंकिता भंडारी मामले में पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ नार्को टेस्ट के लिए गुजरात के गांधीनगर रवाना हुए हैं। उन्होंने सीबीआई जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही है। फिलहाल अंकिता के माता-पिता विनोद आर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उनकी शिकायत पर अभी एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।
Next Story