भारत

गुस्से और शराब ने उजाड़ा परिवार, कुल्हाड़ी से वार के बाद पति ने लगाई फांसी

SHIDDHANT
20 Aug 2026 11:38 AM IST
गुस्से और शराब ने उजाड़ा परिवार, कुल्हाड़ी से वार के बाद पति ने लगाई फांसी
x
बेटी ने देखा पिता का शव
Anuppur अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अमरकंटक थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। खाना देने में हुई मामूली देरी के विवाद ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि पति ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई, वहीं अगले दिन आरोपी पति ने पुलिस कार्रवाई और जेल जाने के डर से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना अमरकंटक थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 11 बैंक टोला इलाके की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, मजदूरी करने वाला 37 वर्षीय धन सिंह उरेती मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात शराब के नशे में घर पहुंचा था। घर आने के बाद उसने पत्नी से खाना मांगा, लेकिन खाना परोसने में थोड़ी देर हो गई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि शराब के नशे में धन सिंह अपना आपा खो बैठा और उसने घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली। आरोपी ने अपनी पत्नी पार्वती बाई पर हमला कर दिया। कुल्हाड़ी के वार से महिला के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। उसके बाएं गाल और कान के पास गहरे घाव हो गए और वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पड़ोसी सुमन सिंह ने घायल पार्वती बाई को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरकंटक पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल अनूपपुर रेफर कर दिया। फिलहाल महिला का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। डॉक्टर उसकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही अमरकंटक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति धन सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 296, 115(2), 118(1) और 351 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी थी। मामला दर्ज होने के बाद धन सिंह को पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी का डर सताने लगा। इसी तनाव में उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त की दोपहर जब धन सिंह की बेटी घर पहुंची तो उसने पिता को फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया। घटना देखकर वह घबरा गई और तुरंत आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। अमरकंटक थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आत्महत्या के पीछे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घरेलू विवाद, शराब की लत और गुस्से में उठाए गए कदम ने इस घटना को बेहद दुखद मोड़ दे दिया। फिलहाल घायल महिला के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Next Story