भारत

मासूम अपनी मांग लेकर डीएम की जनसुनवाई में पहुंची...IAS ने की सराहना

jantaserishta.com
2 Aug 2026 8:28 AM IST
मासूम अपनी मांग लेकर डीएम की जनसुनवाई में पहुंची...IAS ने की सराहना
x
जानें पूरा मामला.
हाथरस: 'डीएम अंकल... मेरा एक काम कर देंगे? रेलवे फाटक पर इतना जाम लगता है कि ट्यूशन पहुंचने में देर हो जाती है और फिर डांट पड़ती है.' यूपी के हाथरस में कक्षा-3 की छात्रा ने जब आईएएस अधिकारी और जिलाधिकारी (DM) अतुल वत्स से यह बात कही तो वहां मौजूद लोग उसकी मासूमियत पर मुस्कुरा उठे. लेकिन कुछ ही देर में सभी को एहसास हो गया कि यह सिर्फ एक बच्ची की परेशानी नहीं, बल्कि शहर के हजारों लोगों की रोजमर्रा की समस्या है. अब यह मुलाकात सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. खुद डीएम ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इसे शेयर किया है.
उत्तर प्रदेश के हाथरस में आयोजित जनसुनवाई के दौरान रोज की तरह लोग अपनी-अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे थे. इसी बीच सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज की कक्षा-3 की छात्रा आश्वी भी हाथ में एक प्रार्थना-पत्र लेकर जिलाधिकारी अतुल वत्स के सामने पहुंची. उसने बेहद सहज अंदाज में कहा, डीएम अंकल... मेरा एक काम कर देंगे? रेलवे फाटक पर इतना जाम लगता है कि ट्यूशन पहुंचने में देर हो जाती है और फिर डांट पड़ती है. बच्ची की बात सुनकर वहां मौजूद अधिकारी और फरियादी मुस्कुरा दिए. हालांकि, जब उसने अपनी पूरी बात रखी तो सभी ने महसूस किया कि वह जिस समस्या की ओर ध्यान दिला रही है, उससे रोजाना हजारों लोग प्रभावित होते हैं.
आश्वी ने जिलाधिकारी को बताया कि वह प्रतिदिन ट्यूशन पढ़ने जाती है. रास्ते में बिजली कॉटन मिल रेलवे फाटक पड़ता है. कई बार मालगाड़ियों के गुजरने की वजह से फाटक लंबे समय तक बंद रहता है. इससे वहां वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और उसे काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है. उसने बताया कि कई बार इसी वजह से वह समय पर ट्यूशन नहीं पहुंच पाती और उसे डांट भी सुननी पड़ती है.
आश्वी की बात सिर्फ शिकायत तक सीमित नहीं रही. उसने रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम की समस्या के समाधान को लेकर भी अपने स्तर पर कुछ सुझाव जिलाधिकारी के सामने रखे. कम उम्र में समस्या के साथ समाधान की सोच रखने वाली छात्रा की इस पहल ने प्रशासनिक अधिकारियों को भी प्रभावित किया. जनसुनवाई में मौजूद लोगों ने भी उसकी जागरूकता की सराहना की.
हाथरस के जिलाधिकारी एवं आईएएस अधिकारी अतुल वत्स ने छात्रा की जागरूकता, निर्भीकता और जनहित के प्रति उसकी संवेदनशील सोच की सराहना की. उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में सार्वजनिक हित के मुद्दे पर प्रशासन तक पहुंचना और अपनी बात रखना प्रेरणादायक है. उन्होंने आश्वी को उसकी इस पहल के लिए उपहार भेंट कर प्रोत्साहित भी किया. डीएम ने कहा कि बच्चों में यदि समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है तो यह भविष्य के लिए अच्छा संकेत है.
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि रेलवे फाटकों पर लगने वाला यातायात जाम आम लोगों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है. इस समस्या के समाधान के लिए उत्तर मध्य रेलवे के अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि व्यवहारिक और दीर्घकालिक समाधान तलाशने के लिए आवश्यक स्तर पर पत्राचार और चर्चा की जाएगी, ताकि लोगों को राहत मिल सके.
हाथरस में रेलवे फाटकों पर जाम की समस्या नई नहीं है. मालगाड़ियों और अन्य ट्रेनों के आवागमन के दौरान कई बार फाटक लंबे समय तक बंद रहता है. ऐसे में दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग जाती है. इसका असर स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और मरीजों तक पर पड़ता है. स्थानीय लोग लंबे समय से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग करते रहे हैं. ऐसे में एक छोटी छात्रा द्वारा इस मुद्दे को जनसुनवाई में उठाना चर्चा का विषय बन गया है.
यह मामला सिर्फ इसलिए चर्चा में नहीं है कि एक बच्ची डीएम के पास पहुंची, बल्कि इसलिए भी कि उसने एक ऐसी समस्या उठाई जो हर दिन हजारों लोगों को प्रभावित करती है. उसकी मासूम शिकायत में व्यक्तिगत परेशानी थी, लेकिन मुद्दा पूरी तरह सार्वजनिक था. आईएएस अधिकारी अतुल वत्स ने भी बिना औपचारिकता के छात्रा की पूरी बात सुनी, उसकी हौसला-अफजाई की और संबंधित विभाग से समाधान की दिशा में कार्रवाई का भरोसा दिया.
बच्चों की भागीदारी का अच्छा उदाहरण विशेषज्ञ मानते हैं कि लोकतांत्रिक व्यवस्था तभी मजबूत होती है, जब हर नागरिक चाहे वह बच्चा ही क्यों न हो अपनी बात रखने का साहस करे. आश्वी की पहल इसी सोच को मजबूत करती है. उसने यह दिखाया कि जागरूकता की कोई उम्र नहीं होती. हाथरस की इस छात्रा ने अपनी परेशानी बताने के साथ यह भी संदेश दिया कि स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन से संवाद किया जा सकता है. यही वजह है कि उसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उसकी समझदारी व आत्मविश्वास की सराहना कर रहे हैं.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story