भारत

रेलवे स्टेशन पर जंजीरों में जकड़ा दिखा बुजुर्ग, नजारा देख कांप उठे लोग

jantaserishta.com
22 May 2026 8:11 AM IST
रेलवे स्टेशन पर जंजीरों में जकड़ा दिखा बुजुर्ग, नजारा देख कांप उठे लोग
x
पढ़ें पूरी खबर.
पटना: पटना के दानापुर रेलवे स्टेशन पर इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला नजारा देखने को मिला. यहां एक बुजुर्ग पिता को उनके अपने ही बेटों ने पैरों में भारी लोहे की बेड़ियां और ताले लगाकर बांधे रखा. स्टेशन पर जब लोग इस बुजुर्ग को जंजीर घसीटते हुए चलते देख रहे थे, तो हर देखने वाले की आंखें नम हो गईं.
बुजुर्ग के दोनों पैरों में लोहे की जंजीरें लिपटी हुई थीं और उस जंजीर में दो ताले लटके हुए थे. जांच करने पर पता चला कि बेड़ियों में जकड़े ये बेबस बुजुर्ग जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र के अमारी गांव के रहने वाले जितेंद्र ताती हैं.
जितेंद्र ताती पिछले करीब आठ महीनों से इसी दर्दनाक हालत में जीने को मजबूर हैं. पीड़ित बुजुर्ग जितेंद्र ताती ने खुद अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि कभी-कभी उनका मानसिक संतुलन थोड़ा बिगड़ जाता है. इसी बात से परेशान होकर उनके बेटों ने उन्हें पूरी तरह काबू में रखने के लिए उनके पैरों में जंजीर डाल दी.
बुजुर्ग ने बताया कि शुरुआत में उनके पैरों में पांच ताले लगाए गए थे, लेकिन अब सिर्फ दो ताले ही बचे हैं. दानापुर स्टेशन पर इस मंजर को देखकर हर किसी के मन में ये सवाल उठ रहा था कि क्या एक बीमार पिता को संभालने का यही एक तरीका बचा है? जब इस मामले में बुजुर्ग के बेटे अभिलाष कुमार से बात की गई, तो उसने अपनी मजबूरी का हवाला दिया.
बेटे अभिलाष कुमार ने कहा कि मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण उनके पिता अक्सर गांव में दूसरे लोगों से झगड़ा और गाली-गलौज करने लगते हैं. स्थिति बिगड़ने पर उन्हें संभालना हमारे लिए बहुत मुश्किल हो जाता है, इसलिए उनकी और दूसरों की सुरक्षा को देखते हुए ही ये बेड़ियां लगाई गई हैं.
बेटे ने आगे बताया कि अब पूरे परिवार और गांव के लोगों ने मिलकर आपस में चंदा इकट्ठा किया है. इस चंदे के पैसों से वो पिता को मध्य प्रदेश स्थित बाबा बागेश्वर धाम लेकर जा रहे हैं. परिवार को पूरा भरोसा है कि बागेश्वर धाम जाने के बाद बाबा के आशीर्वाद से उनकी मानसिक स्थिति में पूरी तरह सुधार हो जाएगा.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story