भारत

थाने अंदर 8 फीट का सांप मिला, इधर-उधर भागे पुलिसकर्मी

Nil dhankar
10 May 2026 2:56 PM IST
थाने अंदर 8 फीट का सांप मिला, इधर-उधर भागे पुलिसकर्मी
x
पढ़े पूरी खबर

राजस्थान। अलवर जिले के राजगढ़ पुलिस थाने में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब थाना परिसर की रसोई के पास अचानक करीब 8 फीट लंबा जहरीला सांप दिखाई दिया. सांप को देखते ही वहां मौजूद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया. कई पुलिसकर्मी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. कुछ देर के लिए पूरे थाने का माहौल दहशत में बदल गया.

सुबह के समय पुलिसकर्मी रोजाना की तरह थाना परिसर में बने मेस और आसपास के इलाके में मौजूद थे. तभी अचानक मेस के पास एक विशालकाय सांप रेंगता हुआ दिखाई दिया. सांप इतना बड़ा था कि उसे देखते ही मौके पर मौजूद लोग डर गए. सांप काफी देर तक वहीं घूमता रहा, जिससे पुलिसकर्मियों के साथ-साथ थाने में आए लोगों में भी भय का माहौल बन गया.

मामले की सूचना तुरंत राजगढ़ थानाधिकारी राजेश मीणा को दी गई. इसके बाद नगरपालिका कर्मचारी और रेस्क्यू टीम सदस्य जुगनू तंबोली को बुलाया गया. सूचना मिलते ही जुगनू तंबोली अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सांप को पकड़ने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. रेस्क्यू टीम ने सावधानी के साथ सांप को पकड़ने की कोशिश की, क्योंकि सांप बेहद जहरीला बताया जा रहा था. ऑपरेशन के दौरान कई बार सांप तेजी से इधर-उधर भागने लगा, जिससे मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं. करीब काफी देर की मशक्कत के बाद टीम ने आखिरकार सांप को सुरक्षित तरीके से काबू में कर लिया.

इस दौरान सांप को देखने के लिए थाने में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. कई लोग मोबाइल फोन से वीडियो बनाते नजर आए. पुलिसकर्मी भी रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म होने तक सतर्क बने रहे. रेस्क्यू टीम सदस्य जुगनू तंबोली ने बताया कि सांप को सुरक्षित पकड़ने के बाद उसे जंगल क्षेत्र में ले जाकर छोड़ दिया गया है. उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में अक्सर सांप ठंडी और सुरक्षित जगहों की तलाश में आबादी वाले इलाकों में पहुंच जाते हैं. सांप के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली. स्थानीय लोगों ने भी रेस्क्यू टीम की सतर्कता और सूझबूझ की सराहना की. वहीं इस घटना का वीडियो सामने आया है.


Next Story