भारत

विमान हादसे पर बोले अमिताभ बच्चन, ' जांच में पारदर्शिता जरूरी'

jantaserishta.com
14 Jun 2025 10:10 AM IST
विमान हादसे पर बोले अमिताभ बच्चन,  जांच में पारदर्शिता जरूरी
x
मुंबई: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने एयर इंडिया ड्रीमलाइनर हादसे पर गहरा दुख जताया है। इस हादसे में 241 लोगों की जान चली गई। अमिताभ बच्चन ने कहा कि वह बहुत दुखी हैं और उन्होंने प्रार्थना की कि यह दुख हमें एकजुट करे ताकि हम उन लोगों को सम्मान दे सकें जिन्होंने अपनी जान गंवाई। साथ ही उन्होंने हादसे की जांच पारदर्शिता के तरीके से होने की बात कही।
बिग बी ने अपने ब्लॉग में लिखा, "एयर इंडिया हादसे से मुझे बहुत दुख पहुंचा है और मैं व्यथित हूं। हमारे लोगों के अलावा, जिन बाकी देशों ने अपने नागरिकों को इस हादसे में खोया है, उनके लिए मेरी पूरी संवेदना और समर्थन है। दुआ करता हूं कि ये दुख हमें एकजुट करे, ताकि हम सभी मिलकर मृतजनों के प्रति अपना सम्मान प्रकट कर सकें।"
अमिताभ बच्चन ने आगे कहा, "इस हादसे की जांच ईमानदारी और पारदर्शिता से होनी चाहिए, ताकि हम इसे हमेशा याद रखें और इससे कुछ सीख सकें। हमें मजबूत बनना होगा, सही कदम उठाने होंगे और जल्दी सीख लेनी होगी, ताकि सभी को इस दुख से उबरने में मदद मिल सके।" इस हादसे में अमिताभ बच्चन के करीबी दोस्त के बेटे की भी मौत हो गई, जिसके जाने के बाद बिग बी भावुक हो उठे।
बिग बी ने बिना किसी का नाम लिए लिखा, "और आज की सुबह ने मुझे और मेरे परिवार को एक और गहरा सदमा दिया। ये सुबह दुखभरी खबर लेकर आई। हमारे एक बहुत ही प्रिय मित्र ने अपना बेटा खो दिया। वह युवा था और यह सब एकदम अचानक हुआ। हमारे दोस्त और हम किस दर्द और दुख से गुजर रहे हैं, इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। विश्वास करना बहुत कठिन है कि ऐसा हुआ है। अब बस प्रार्थना करनी है और दुख में दुखी लोगों को हिम्मत देना है ताकि उन्हें इस नुकसान को सहने की शक्ति मिले।"
बता दें कि 12 जून की दोपहर को एयर इंडिया का एक बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान हादसे का शिकार हो गया। विमान एआई-171 अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रहा था। उड़ान भरने के थोड़ी ही देर बाद यह विमान बी.जे. मेडिकल कॉलेज के पास एक रिहायशी इलाके में गिर गया। इस हादसे में 241 यात्रियों की मौत हो गई।
इस दुर्घटनाग्रस्त विमान में 230 यात्री, 10 केबिन क्रू मेंबर और 2 पायलट थे। अधिकारियों के अनुसार, हादसे में केवल एक व्यक्ति ही बच पाया, जो 11ए सीट पर बैठा था। उसका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story