भारत

Amit Shah बिहार में चुनावी सभाओं को करेंगे संबोधित

Subhi
30 Oct 2025 6:35 AM IST
Amit Shah बिहार में चुनावी सभाओं को करेंगे संबोधित
x
चुनावी सभाओं को करेंगे संबोधित

Bihar: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मुंगेर के जलालाबाद असरगंज उच्च विद्यालय मैदान में 30 अक्टूबर को चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। तारापुर विस से खड़े डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के लिए वोट मांगेंगे। इनके आगमन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

गृहमंत्री गुरुवार को पूर्वाह्न 11.30 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। सभा को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने की दिशा में व्यापक कदम उठाए गए हैं। इसी क्रम में डीएम और एसपी ने अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर सुरक्षा की समीक्षा की।

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी राकेश रंजन कुमार ने बताया कि कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जाएगी, वहीं बार्डर चेकिंग प्वाइंट्स की संख्या में बढ़ोतरी की गई है। साथ ही क्यूआरटी टीमों को अलर्ट मोड में तैनात किया जा रहा है।

सभी तैनात पदाधिकारियों को सजगता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। सभा स्थल पर सुरक्षा घेरा मजबूत करने के लिए जगह-जगह ड्राप गेट बनाए जा रहे हैं, जहां पुलिस पदाधिकारी, बल और दंडाधिकारी की तैनाती रहेगी।

इसके अलावा मुख्य चौक-चौराहों और मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की मुस्तैदी रहेगी। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष टीमों को चिह्नित स्थानों पर तैनात किया जा रहा है ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन की पूरी कोशिश है कि गृहमंत्री की सभा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न हो।

Next Story