भारत

अमित शाह आज तेलंगाना दौरे पर....

SHIDDHANT
4 Oct 2026 12:25 AM IST
अमित शाह आज तेलंगाना दौरे पर....
x
हैदराबाद। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को तेलंगाना के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। उनके कार्यक्रम में मेडक और करीमनगर जिले शामिल हैं। करीमनगर में शाह प्रतिमा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) के 25 वर्ष पूरे होने पर आयोजित सिल्वर जुबली समारोह में हिस्सा लेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, अमित शाह पहले मेडक जिले के तूप्रान जाएंगे। वहां वह ऊर्जा इंडस्ट्रियल पार्क में साबर डेयरी प्रोडक्ट्स से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर में हेलीकॉप्टर से करीमनगर पहुंचेंगे।
करीमनगर में गृह मंत्री मेडिकल कॉलेज के सिल्वर जुबली पायलन का अनावरण करेंगे। इसके साथ ही प्रस्तावित प्रतिमा डीम्ड यूनिवर्सिटी भवन की आधारशिला रखेंगे और संस्थान की 25 वर्षों की यात्रा पर आधारित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। उनका मेडिकल छात्रों के साथ संवाद और कार्यक्रम को संबोधित करने का भी कार्यक्रम है।
अमित शाह के दौरे को देखते हुए करीमनगर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल, पार्किंग और प्रवेश-निकास मार्गों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और करीमनगर सांसद बंडी संजय कुमार ने भी कार्यक्रम से पहले मेडिकल कॉलेज पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया था। दौरे के दौरान किसी अलग राजनीतिक जनसभा का कार्यक्रम निर्धारित नहीं बताया गया है।
Next Story