भारत आकर होमस्टे में रुकी अमेरिकी महिला के साथ रेप, होटल कारोबारी समेत 2 गिरफ्तार

कर्नाटक। कोडागू जिले से एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां एक होमस्टे में रुकी अमेरिकी महिला के साथ कथित तौर पर नशीला पदार्थ पिलाकर बलात्कार किया गया। मंगलवार को पुलिस ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पीड़िता अमेरिका के वाशिंगटन की रहने वाली है और भारत घूमने आई थी। वह कोडागू जिले के कुट्टा गांव स्थित एक होमस्टे में ठहरी थी। जांच से जुड़े एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उसे एक ड्रिंक दी गई जिसमें कोई नशीला पदार्थ मिला हुआ था। इसे पीने के बाद उसके साथ यह घिनौनी वारदात की गई। पीड़िता की शिकायत और शुरुआती सबूतों के आधार पर हमने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
इस मामले में मुख्य आरोपी झारखंड का रहने वाला है। हालांकि, घटना ने तब और गंभीर रूप ले लिया जब इसमें होमस्टे के मालिक की भूमिका भी सामने आई। आरोप है कि होमस्टे के मालिक ने इस पूरी घटना को दबाने और छिपाने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, मालिक ने जानबूझकर तीन दिनों तक पीड़िता का वाई-फाई कनेक्शन काट दिया, ताकि वह किसी से संपर्क न कर सके और मदद न मांग सके। पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया, प्रथम दृष्टया ऐसे सबूत मिले हैं जो बताते हैं कि मालिक ने पीड़िता का बाहरी दुनिया से संपर्क काटने का प्रयास किया। उसकी इस भूमिका की जांच की जा रही है और उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
तीन दिनों तक फंसे रहने के बाद, पीड़िता किसी तरह वहां से निकलने में कामयाब रही। उसने होमस्टे मालिक को चकमा देते हुए कहा कि वह मैसूर जा रही है। वहां से निकलने के बाद पीड़िता ने अमेरिका में अपने अधिकारियों से संपर्क किया। इसके बाद अमेरिकी दूतावास के अधिकारियों ने ईमेल के जरिए भारतीय पुलिस से संपर्क साधा। दूतावास से सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत औपचारिक कार्यवाही शुरू की और जांच के लिए विशेष टीमें तैनात कर दीं। एक स्थानीय अदालत ने मुख्य आरोपी और होमस्टे मालिक, दोनों को 3 मई तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।





