भारत
भारत में पकड़ा गया अमेरिकी घुसपैठिया, है स्पेशल सर्विस का कमांडो? पूछताछ में क्या पता चला
jantaserishta.com
14 July 2026 10:41 AM IST

x
जांच जारी.
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के महाराजगंज में भारत-नेपाल बॉर्डर के पास एक अमेरिकी नागरिक को सुरक्षा बलों ने गिरफ्तार किया है. पकड़ा गया व्यक्ति खुद को अमेरिकी नौसेना और स्पेशल फोर्सेज का पूर्व सैनिक बता रहा है. वो बिना किसी पासपोर्ट और वीजा के अवैध रूप से नेपाल में घुसने की कोशिश कर रहा था.
सुरक्षा एजेंसियां अब उसकी असली पहचान और भारत में प्रवेश करने के दावों की जांच कर रही हैं. न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों ने 11 जुलाई को सोनौली थाना क्षेत्र के मैनहवा इलाके में गश्त के दौरान इस व्यक्ति को पकड़ा था.
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान 36 वर्षीय जॉर्डन ब्राउन के रूप में हुई है. उसने खुद को अमेरिका के कैलिफोर्निया का रहने वाला बताया है. जॉर्डन को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है और अमेरिकी दूतावास को इस मामले की जानकारी भी दे दी गई है.
अधिकारियों ने बताया कि जॉर्डन ब्राउन बेंगलुरु से सोनौली बॉर्डर तक आया था और चुपके से नेपाल सीमा पार करने की फिराक में था. जब SSB के जवानों ने उसे वेरिफिकेशन के लिए रोका, तो उसने भागने की कोशिश की. हालांकि, जवानों ने पीछा करके उसे दबोच लिया.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में स्थानीय लोगों की भीड़ के बीच SSB जवान ब्राउन के पैर में रस्सी बांधकर उसे ले जाते हुए दिख रहे हैं. तलाशी के दौरान उसके पास से 31,460 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं.
SSB की असिस्टेंट कमांडेंट प्रिया यादव ने बताया कि सोनौली पुलिस को सौंपने से पहले SSB और दूसरी खुफिया एजेंसियों ने ब्राउन से लंबी पूछताछ की. न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, महाराजगंज के ASPसिद्धार्थ ने बताया कि ब्राउन नवंबर 2025 में समुद्री रास्ते से भारत में दाखिल हुआ था और तब से गोवा में रह रहा था.
पुलिस मीडिया सेल की ओर से जारी एक वीडियो में SSP सिद्धार्थ ने कहा, '11 जुलाई को SSB ने सोनौली के पास गैर-कानूनी रूप से नेपाल में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को पकड़ा. पूछताछ में उसने बताया कि वो टूरिस्ट वीजा पर थाईलैंड गया था, जहां उसका पासपोर्ट खो गया. इसके बाद वो समुद्री रास्ते से श्रीलंका पहुंचा और फिर 2 नवंबर, 2025 को समंदर के रास्ते ही भारत आ गया। तब से वह गोवा में रह रहा था.'
पुलिस अधिकारी ने बताया कि फिलहाल उसके इन दावों की पुष्टि की जा रही है. उसके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले हैं, इसलिए इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट की धारा 21 और 23 के तहत मामला दर्ज किया गया है.
द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, सोनौली के SHO महेंद्र मिश्रा ने बताया कि आरोपी जॉर्डन ब्राउन अपनी पहचान, यात्रा के इतिहास और नेपाल जाने के मकसद को लेकर लगातार उलझाने वाले बयान दे रहा है.
SHO ने कहा, 'ब्राउन ने दावा किया कि उसने करीब 70 देशों की यात्रा की है और वो मई में इंडोनेशिया के बाली से भारत आया था. उसने जांचकर्ताओं को बताया कि उसने कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है और करीब दो साल पहले सैन्य सेवा छोड़ने से पहले 6 साल तक अमेरिकी नौसेना और स्पेशल फोर्सेज में काम किया है. उसने ये भी कहा कि उसके माता-पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं.'
वहीं द प्रिंट से एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपी ने 2024 तक अमेरिकी नौसेना और फॉरेन सर्विसेज में सेवा देने की बात कही है. ब्राउन ने एक कहानी ये भी सुनाई कि वो दो महीने पहले अमेरिका से गोवा आया था, वहां छह हफ्ते रहा और फिर 8 जुलाई को बस से बेंगलुरु से लखनऊ आया. वहां से गोरखपुर होते हुए टैक्सी से सोनौली बॉर्डर पहुंचा.
उसने दावा किया कि वो गोवा में मिले 'नाज' नाम के एक नेपाली नागरिक से मिलने नेपाल जा रहा था. उसने ये भी कहा कि उसका पासपोर्ट बेंगलुरु में उसके एक परिचित के पास है, लेकिन वो उस व्यक्ति की कोई पुख्ता जानकारी नहीं दे सका. उसने अक्टूबर 2024 में उत्तराखंड की एक भारतीय महिला (जो योग इंस्ट्रक्टर है) से इटली में शादी करने का दावा भी किया है.
जॉर्डन ब्राउन की इस गिरफ्तारी की तुलना इसी साल मार्च में म्यांमार बॉर्डर से गिरफ्तार हुए अमेरिकी नागरिक मैथ्यू वैनडाइक से की जा रही है. वैनडाइक को छह यूक्रेनी भाड़े के सैनिकों के साथ पकड़ा गया था. वैनडाइक को CIA का एजेंट और अल-कायदा से जुड़ा हुआ बताया जाता रहा है. फिलहाल वो वैनडाइक दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है और उसने हाल ही में जेल में अपना खाना खुद पकाने की इजाजत भी मांगी थी.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





