भारत

दिवाली से पहले हाई अलर्ट पर एम्बुलेंस बेड़े

jantaserishta.com
15 Oct 2025 3:44 PM IST
दिवाली से पहले हाई अलर्ट पर एम्बुलेंस बेड़े
x
चेन्नई: तमिलनाडु में दिवाली के दौरान किसी भी हेल्थ इमरजेंसी से निपटने की तैयारी कर ली गई है। तमिलनाडु हेल्थ सिस्टम प्रोजेक्ट (टीएनएचएसपी) ने ‘108’ आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा संचालित करने वाली 'ईएमआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विसेज' के सहयोग से 19 से 25 अक्टूबर तक 1,353 एम्बुलेंस के अपने पूरे बेड़े को हाई अलर्ट पर रखा है।
एक बयान में, ईएमआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विसेज ने कहा कि त्योहारी सप्ताह के दौरान लगभग 6,500 आपात स्थितियों से निपटने की उम्मीद है - जो सामान्य दिनों की तुलना में लगभग 30 प्रतिशत अधिक है। निर्बाध आपातकालीन प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए, आपातकालीन संचालन केंद्र पूरी क्षमता से काम करेगा और पूरे सप्ताह तीन शिफ्टों में कर्मचारी तैनात रहेंगे।
संगठन ने राज्य भर में "दीपावली हॉटस्पॉट" की भी पहचान की है जहां सड़क दुर्घटनाओं, पटाखों से जलने और धुएं व ध्वनि प्रदूषण से उत्पन्न स्वास्थ्य समस्याओं के कारण आपातकालीन कॉल आमतौर पर बढ़ जाती हैं।
प्रमुख सरकारी अस्पतालों के पास समर्पित एम्बुलेंस बेड़े तैनात किए जाएंगे ताकि इंटर फैसिलिटी पेशंट ट्रांसफर में सहायता मिल सके, जिससे प्रतिक्रिया समय की गति अच्छी हो और जिला प्रशासन के साथ प्रभावी समन्वय सुनिश्चित हो सके।
चेन्नई में, 11 प्रमुख दीपावली हॉटस्पॉट को आपातकालीन कवरेज बढ़ाने के लिए चिह्नित किया गया है - किलाम्बक्कम में कलैग्नार शताब्दी बस टर्मिनस, कोयम्बेडु में चेन्नई मुफस्सिल बस टर्मिनस, पुरात्ची थलाइवर डॉ एमजीआर सेंट्रल रेलवे स्टेशन, एग्मोर रेलवे स्टेशन, रंगनाथन स्ट्रीट, पांडी बाजार, मरीना बीच, इलियट बीच, गिंडी चिल्ड्रन पार्क, मायलापुर में कपालीश्वर मंदिर और ट्रिप्लीकेन में पार्थसारथी मंदिर। अधिकारियों के अनुसार, इन स्थानों पर भीड़ की आवाजाही, यात्रा गतिविधि और त्योहारों के दौरान होने वाली भीड़ में वृद्धि देखी जाती है, जिसके कारण अतिरिक्त एम्बुलेंस और चिकित्सा दल तैनात किए गए हैं।
एक अधिकारी ने कहा, "हमारे सभी नियंत्रण कक्ष और फील्ड टीमें चौबीसों घंटे काम करेंगी और त्योहारों के दौरान दुर्घटना और जलने के शिकार लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान करेंगी।" आपातकालीन प्रतिक्रिया दलों को दुर्घटनाओं का अधिक कुशलता से प्रबंधन करने के लिए अग्निशमन और बचाव सेवाओं, यातायात पुलिस और स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ मिलकर काम करने का भी निर्देश दिया गया है।
सुरक्षित उत्सव मनाने और हरित पटाखों के उपयोग के बारे में जन जागरूकता संदेश विभिन्न माध्यमों से प्रसारित किए जा रहे हैं। सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल के तहत संचालित '108' एम्बुलेंस सेवा, तमिलनाडु भर में प्रतिदिन 4,000 से अधिक आपात स्थितियों में सड़क दुर्घटनाओं, प्रसूति मामलों, आघात और हृदय संबंधी घटनाओं को कवर करती है। त्योहारों के दौरान भीड़ बढ़ने की उम्मीद के साथ, जनता से किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 108 डायल करने का आग्रह किया गया है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story
    null