भारत

पेड़ से टकराई एम्बुलेंस में आग लगी, ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत

Shantanu Roy
19 May 2026 2:24 PM IST
पेड़ से टकराई एम्बुलेंस में आग लगी, ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत
x
जांच में जुटी पुलिस
Balaghat. बालाघाट। बालाघाट जिले के परसवाड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें पेड़ से टकराने के बाद एम्बुलेंस में आग लग गई और चालक की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। यह घटना खर्रा गांव के पास सुबह करीब 5 बजे हुई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, एम्बुलेंस चालक महाराष्ट्र के नागपुर निवासी माइकल अंतुने मोरिस (56) थे, जो एक मरीज को परसवाड़ा थाना क्षेत्र के संतरीटोला गांव छोड़कर वापस नागपुर लौट रहे थे। लौटते समय उनकी एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई और पलट गई।
टक्कर के बाद वाहन में अचानक आग लग गई, जिससे चालक बाहर नहीं निकल सका और उसकी दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, यह एम्बुलेंस एक मरीज को छोड़ने के बाद खाली लौट रही थी। मृतक चालक माइकल कुछ समय पहले ही संतरीटोला गांव में रुके हुए थे। उसी दौरान वह सुबह करीब 4 बजे नागपुर की ओर रवाना हुए थे। लेकिन कुछ ही देर बाद यह भयावह हादसा हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के बाद एम्बुलेंस से आग और धुआं उठता दिखाई दिया।
राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था। चालक अंदर ही फंसा रह गया और बाहर नहीं निकल सका। घटनास्थल पर पहुंची परसवाड़ा पुलिस ने आग पर काबू पाने के बाद शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान मोबाइल नंबर के आधार पर की गई, जिसमें पता चला कि माइकल अंतुने मोरिस नागपुर के अजनी इलाके के निवासी थे। हादसे के बाद उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। स्थानीय निवासी कमलेश कुशरे ने बताया कि हाल ही में वह अपने जीजा शिवा पंद्रे के साथ नागपुर गया था, जहां भवन निर्माण कार्य के दौरान शिवा का पैर टूट गया था।
इलाज के बाद एम्बुलेंस से दोनों को संतरीटोला गांव लाया गया था। इसके बाद चालक वहीं रुक गया था और वापस लौटते समय यह दुर्घटना हो गई। परसवाड़ा थाना प्रभारी मदन इवने ने बताया कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि एम्बुलेंस तेज रफ्तार में होने के कारण अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई। टक्कर के बाद वाहन पलट गया और उसमें आग लग गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। यह हादसा बालाघाट-मंडला रोड पर हुआ, जहां सुबह के समय राहगीरों ने जलती हुई एम्बुलेंस देखी। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वाहन में आग की भयावह स्थिति दिखाई दे रही है। इस दर्दनाक घटना ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और वाहन गति नियंत्रण को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।
Next Story