भारत

गजब हो गया..ASI ने SP, DIG और DGP के खिलाफ कोर्ट में मामला दर्ज कराने की मांगी छुट्टी, पुलिस महकमे में खलबली

jantaserishta.com
8 Jan 2025 9:10 AM IST
गजब हो गया..ASI ने SP, DIG और DGP के खिलाफ कोर्ट में मामला दर्ज कराने की मांगी छुट्टी, पुलिस महकमे में खलबली
x
देखें पत्र.
रांची: झारखंड के सरायकेला-खरसावां में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक ASI (सहायक पुलिस उपनिरीक्षक) ने डीजीपी, एसपी और डीआईजी के खिलाफ कोर्ट केस करने के लिए तीन दिन की छुट्टी मांगी है. इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
जानकारी के मुताबिक छुट्टी का आवेदन देने वाले ASI का नाम शुभंकर कुमार है. वह आरआईटी थाना में पदस्थ है. शुभंकर ने वरिष्ठ अधिकारियों पर शोषण और मनमाने रवैये का आरोप लगाया है. ASI का आरोप है कि उसने जरूरी काम को लेकर छुट्टी मांगी थी, जिसे अप्रूव नहीं किया गया. इसलिए उसने अब अधिकारियों के खिलाफ कोर्ट केस करने का फैसला लिया है.
ASI शुभंकर कुमार ने अपने आवेदन में कहा है कि साल 2024 में उन्हें आकस्मिक अवकाश (CL) और क्षतिपूर्ति अवकाश (CPL) का एक भी दिन इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी गई. इसके चलते उनकी छुट्टियां व्यर्थ चली गईं. उन्होंने कई बार वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखा, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. अधिकारियों के इस रवैये के कारण वह मानसिक तनाव (डिप्रेशन) में चले गए हैं.
शुभंकर ने अब तीन दिन की छुट्टी मांगी है ताकि वह रांची हाई कोर्ट में न्याय की गुहार लगा सकें. उन्होंने अपने आवेदन में अधिकारियों के वेतन से कटौती कर क्षतिपूर्ति देने की मांग की थी, लेकिन उस पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है.
शुभंकर कुमार ने बताया कि यह मामला लंबे समय से चल रहा है. मैंने कई मौकों पर अवकाश मांगा, जैसे बेटे के जन्मदिन, काली पूजा और भतीजी की शादी के लिए, लेकिन मुझे अनुमति नहीं दी गई. वरिष्ठ अधिकारियों ने बार-बार मेरे अवकाश को अस्वीकार किया. मैंने अपनी छुट्टियों का उपयोग नहीं किया, फिर भी मुझे मुआवजा नहीं दिया गया. यह केवल मेरा मुद्दा नहीं है, बल्कि पूरे पुलिस विभाग में कर्मचारियों के साथ ऐसा हो रहा है. शुभंकर ने कहा कि वह न्यायालय में जाने का कदम उठाकर अपने अधिकार की लड़ाई लड़ रहे हैं. मैं सरकार से कुछ नहीं मांग रहा, बल्कि दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई चाहता हूं.
इस मुद्दे पर एसडीपीओ समीर कुमार सवैया ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है. यह जांच का विषय है और इसकी विस्तृत जांच होगी. इससे पहले ऐसा कोई मामला नहीं आया है. वहीं, शुभंकर कुमार का यह कदम पुलिस विभाग में चर्चा का विषय बन गया है. वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ न्यायालय जाने की अनुमति मांगने का यह मामला विभागीय प्रक्रियाओं और आंतरिक अनुशासन पर गंभीर सवाल उठाता है.

jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story