
x
Bangal बंगाल। दक्षिण कोलकाता के कस्बा इलाके में स्थित एक शॉपिंग मॉल के मल्टीप्लेक्स में महिला से कथित छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर फिल्म के दौरान महिला को परेशान करने और अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया है। घटना कस्बा स्थित एक्रोपोलिस मॉल के सिनेपोलिस मल्टीप्लेक्स की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, बंशद्रोनी इलाके की रहने वाली एक डॉक्टर महिला रविवार शाम अपने पति और कुछ दोस्तों के साथ फिल्म देखने पहुंची थीं।
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि फिल्म के दौरान छह लोगों ने लगातार उन्हें परेशान किया। आरोप है कि उन्होंने आपत्तिजनक और अश्लील टिप्पणियां कीं। महिला ने जब इसका विरोध किया तो कथित तौर पर उनके साथ बदसलूकी की गई और हमला करने का भी आरोप लगाया गया। घटना के बाद मल्टीप्लेक्स के कर्मचारियों ने हस्तक्षेप किया और मामले की सूचना कस्बा पुलिस स्टेशन को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों से पूछताछ शुरू की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों से बहस की और हॉल में मौजूद अन्य लोगों के साथ भी व्यवहार को लेकर शिकायतें सामने आईं। इसके बाद पुलिस सभी छह लोगों को थाने ले गई। पुलिस ने आरोपियों की पहचान उनके पहचान पत्रों के आधार पर की। गिरफ्तार किए गए लोगों में आनंद कुमार, सुरेश कुमार, अरविंद कुमार, सृजन दरबार, मनोज रॉय और अरिंदम घोष शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान सृजन दरबार ने खुद को जादवपुर विश्वविद्यालय का छात्र बताया। आरोप है कि उसने गिरफ्तारी की स्थिति में गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
कोलकाता पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को जुटाया जा रहा है। पुलिस मल्टीप्लेक्स में लगे CCTV फुटेज और अन्य सबूतों की भी जांच कर सकती है, ताकि घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके। फिलहाल सभी छह आरोपी पुलिस की कार्रवाई का सामना कर रहे हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।
Next Story





