भारत

भारत माता शब्द हटाने का आरोप गलत

Sonam
12 Aug 2023 3:51 AM GMT
भारत माता शब्द हटाने का आरोप गलत
x

संसद की कार्यवाही से भारत माता शब्द हटाने के राहुल गांधी के आरोपों को संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने गलत बताया और कहा कि उन्हें समझ नहीं है। उन्होंने ठीक से देखा ही नहीं। भारत माता शब्द को नहीं निकाला गया है। संसद की कार्यवाही से सिर्फ वही शब्द निकाले जाते हैं, जो असंसदीय होते हैं। वैसे भी ये वही लोग हैं जो कभी भी भारत माता की जय नहीं बोलते थे।

संसदीय कार्यमंत्री ने राहुल गांधी पर जमकर साधा निशाना

कांग्रेस के शासन काल में भारत माता की जय बोलने पर केस कर दिया जाता था। लेकिन मुझे खुशी है कि भाजपा के शासन काल में और मोदी जी के नेतृत्व में ये लोग भी भारत माता की जय बोलने लगे हैं।

संसदीय कार्यमंत्री ने राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें ज्यादा गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। आज भी उन्होंने क्या-क्या कहा है। मुझे लगता है कि राहुल गांधी अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान उन्होंने सरकार पर आरोप तो खूब लगाए, लेकिन जवाब नहीं सुना है। यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि तथाकथित सबसे पुरानी पार्टी कितना गैरजिम्मेदाराना व्यवहार कर रही है।

उन्होंने विपक्ष को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि इस सत्र के दौरान सरकार ने काम-काज के कई अहम विधेयकों को सूचीबद्ध किया था। लेकिन इनमें से सिर्फ दिल्ली सेवा विधेयक को छोड़कर विपक्ष ने किसी विधेयक की चर्चा में हिस्सा नहीं लिया। दोनों सदनों को मिलाकर इस सत्र में कुल 23 विधेयक पारित किए गए।

विपक्ष अगले सत्र में पूरी तैयारी के साथ आए: जोशी

मानसून सत्र के काम-काज की जानकारी देते हुए जोशी ने कहा कि विपक्ष मुद्दे पर चर्चा चाहता ही नहीं था। तभी वह पूरे समय सदन में हंगामा करने में ही जुटा रहा। उन्होने विपक्ष के रवैये को गैरजिम्मेदाराना बताया और कहा कि मैं प्रार्थना करता हूं कि विपक्ष अगले सत्र में पूरी तैयारी के साथ आएगा और चर्चा में हिस्सा लेगा।

Sonam

Sonam

    Next Story