भारत

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने खारिज की नेहा सिंह राठौर की अग्रिम जमानत याचिका, पीएम मोदी पर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी

jantaserishta.com
6 Dec 2025 1:33 PM IST
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने खारिज की नेहा सिंह राठौर की अग्रिम जमानत याचिका, पीएम मोदी पर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी
x
नेहा सिंह राठौर को हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है.
लखनऊ: अपने विवादित बयानों और गानों से सुर्खियों में रहने वाली नेहा सिंह राठौर को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। पीएम मोदी पर अपमानजनक टिप्पणी को लेकर उन पर चल रहे केस में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सिंगर की अग्रिम जमानत अर्जी को खारिज कर दिया है।
सिंगर ने कोर्ट में अग्रिम जमानत अर्जी डाली थी, लेकिन कोर्ट ने मामले को संवेदनशील बताते हुए याचिका को खारिज कर दिया। कोर्ट का कहना है कि नेहा राठौर की तरफ से जांच में किसी तरह का कोई सहयोग नहीं मिला है।
अदालत की तरफ से कहा गया है कि अभियुक्त नेहा सिंह राठौर को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया है, लेकिन वे बार-बार अपना स्थान बदल रही हैं और जांच में सहयोग नहीं दे रही हैं। उन्हें जांच के लिए 26 नवंबर को भी विवेचक के सामने पेश होने के लिए कहा गया था, लेकिन बीमारी का बहाना बनाते हुए उपस्थित नहीं हुईं। लोक गायिका पर कोर्ट के आदेश की अवहेलना करने का भी आरोप लगा है। जस्टिस बृजराज सिंह की एकल पीठ ने याचिका को रद्द करते हुए कहा कि उन्हें उचित समय पर रिहाई की अनुमति मिलेगी।
पाकिस्तान की तरफ से पहलगाम में हुए हमले के बाद नेहा राठौर ने पीएम मोदी की बिहार जनसभा रैली पर निशाना साधा था और एक के बाद एक सोशल मीडिया पोस्ट किए थे। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा था, "कश्मीर में आतंकी हमला हुआ और उसके फौरन बाद पीएम मोदी ने हार में रैली कर दी, बिहार के मंच से ही पाकिस्तान को धमका दिया और जनता ने भी ताबड़तोड़ तालियां पीट दीं।" नेहा सिंह राठौर ने कहा था कि बिहार में राष्ट्रवाद के नाम पर वोट बटोरने के लिए पीएम मोदी ने रैली की।
सिंगर ने न सिर्फ एक्स पर पीएम मोदी को लेकर पोस्ट किए, बल्कि केंद्र सरकार द्वारा आतंकवादियों को न ढूंढ पाने पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने लिखा था, "आतंकवादियों को ढूंढने और अपनी गलती मानने की बजाय भाजपा देश को युद्ध में झोंकना चाहती है। भाजपा देश के हजारों सैनिकों की जान जोखिम में डालना चाहती है।"
इसके बाद लखनऊ के हजरतगंज थाने में नेहा राठौर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई और केस अभी तक चल रहा है। गायिका किसी न किसी बहाने से कोर्ट में पेश होने से बच रही हैं और जांच में भी सहयोग नहीं कर रही हैं। इससे पहले सीएम योगी के बुलडोजर एक्शन को लेकर भी वे विवादित गाने और पोस्ट कर चुकी हैं। तकरीबन एक हफ्ते पहले ही नेहा ने अपनी फरार होने की खबरों का खंडन करते हुए कहा था कि उन्हें किसी भी तरह की एफआईआर से डर नहीं लगता है और वे अपने घर में ही बैठी हैं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story