भारत
मध्यप्रदेश कांग्रेस में सब ठीक नहीं, इसकी खबर राहुल को भी!
jantaserishta.com
6 Dec 2022 3:13 PM IST

x
भोपाल (आईएएनएस)| भारत जोड़ो यात्रा के तहत मध्यप्रदेश आए कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी राज्य में कांग्रेस के हालातों को जान गए हैं, ऐसा लगता है, तभी तो उन्होंने राज्य से विदा लेते वक्त प्रदेश अध्यक्ष कमल नाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को मंच पर गले मिलवाने का काम किया। राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं और मध्यप्रदेश में उनकी यह यात्रा 12 दिन रही। गांधी इस दौरान राज्य के छह जिलों से होकर गुजरे और फिर वह राजस्थान की सीमा में प्रवेश कर गए। राज्य से विदा लेकर राजस्थान में प्रवेश करने से पहले राहुल गांधी ने मंच पर कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को गले मिलने को कहा और फिर दोनों नेताओं ने ऐसा किया भी।
आमतौर पर जब दो लोगों के बीच गिले-शिकवे बढ़ जाते हैं तो उन्हें खत्म करने के लिए गले मिलने की रस्म अदायगी होती है। इस नजारे ने यह संकेत तो दिए ही कि प्रदेश अध्यक्ष कमल नाथ और पूर्व मुख्यमंत्री सिंह के बीच सब कुछ ठीक-ठाक नहीं है। यही कारण है कि राहुल गांधी को मंच पर ही दोनों नेताओं को गले मिलने को कहना पड़ा।
राज्य में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं और कांग्रेस चुनावों में बड़ी उम्मीद लगाए हुए हैं मगर गाहे-बगाहे दो दिग्गज नेताओं के बीच बढ़ती दूरियां कांग्रेस की उम्मीदों पर पानी फिरती भी नजर आ जाती है। बीते कुछ दिनों में ऐसा हुआ भी है जब दोनों नेता अलग अलग राह पर चलते नजर आए, इससे कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर संदेश नहीं गया।
राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो वर्ष 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बढ़त मिली और डेढ़ दशक बाद सत्ता भी हासिल हुई मगर दिग्विजय सिंह के सत्ता के गलियारे में बढ़े दखल ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को नाराज कर दिया और पार्टी छोड़ने तक को मजबूर कर दिया। वर्तमान स्थिति से राहुल गांधी भी अवगत हैं ऐसा लगता है और यही कारण है कि उन्होंने दोनों नेताओं से गिले-शिकवे दूर करने के लिए गले मिलने को कहा है। दोनों नेताओं ने गले तो मिल लिया है क्या वाकई में दिल मिल पाए हैं यह बड़ा सवाल है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





