
दिल्ली। 'कॉकरोच जनता पार्टी' के संस्थापक अभिजीत दीपके आज भारत लौट रहे हैं। उन्होंने इस महीने की शुरुआत में अपने समर्थकों और छात्रों से दिल्ली के प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया था। दीपके ने अपने समर्थकों से यह भी आग्रह किया था कि वे 6 जून को उनके दिल्ली एयरपोर्ट आने पर वहां पहुंचें।
दीपके ने कहा कि वह विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करने के लिए अमेरिका से वापस लौटेंगे। कॉकरोच जनता पार्टी प्रमुख अभिजीत दीपके ने कहा कि वह शनिवार को दिल्ली पहुंचकर प्रदर्शन की अनुमति मांगेंगे। अभिजीत सुबह 8 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से सीधे पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने जाएंगे।
सभी समर्थकों को भी सुबह 9 बजे पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने के सामने जुटने को कहा गया है। पुलिस के अनुसार अभी अनुमति नहीं मांगी गई। जंतर-मंतर पर शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद दिखी। जंतर-मंतर को दोनों तरफ से बैरिकेड से घेरा बनाया गया है। यहां पर स्थानीय पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है।
कॉकरोच जनता पार्टी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' पर एक पोस्ट में दिल्ली पुलिस व्यवस्था का एक वीडियो शेयर कर लिखा, "कॉकरोचों को रोकने के लिए पूरी तरह से कड़ी व्यवस्था की गई है, आज ही बैरिकेडिंग लगाई गई है।"





