मुंबई समेत 29 महानगरपालिकाओं के लिए मतदान जारी है, जो शाम 5:30 बजे तक चलेगा. मुंबई के अलावा जिन 29 नगर निगमों में चुनाव हो रहे हैं उनमें- मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, उल्हासनगर, कल्याण-डोंबिवली, भिवंडी-निजामपुर, मीरा-भायंदर, वसई-विरार, पनवेल, नासिक, मालेगाव, अहिल्यानगर, जलगाव, धुले, पुणे, पिंपरी-चिंचवड, सोलापुर, कोल्हापुर, इचलकरंजी, सांगली-मिराज-कुपवाड, छत्रपति संभाजीनगर, नांदेड़-वाघाला, परभणी, जालना, लातूर, अमरावती, अकोला, नागपुर और चंद्रपुर शामिल हैं.
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के 227 वार्डों में कुल 1,700 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जबकि मुंबई के 1.03 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे. शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए मुंबई पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं, जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाई गई हैं और वाहनों की जांच की जा रही है.
अपना वोट डालने के बाद अभिनेता अक्षय कुमार ने कहा, 'आज बीएमसी के लिए मतदान हो रहा है. मुंबईवासी होने के नाते, आज रिमोट कंट्रोल हमारे हाथ में है. मैं मुंबई के सभी लोगों से अनुरोध करता हूं कि वे बड़ी संख्या में बाहर आएं और अपना वोट डालें. अगर हमें मुंबई का असली हीरो बनना है, तो हमें डायलॉगबाजी नहीं करनी चाहिए, बल्कि बाहर आकर अपना वोट डालना चाहिए.'





