
x
'हमने आगे बढ़ाया, फिर भी छोड़ गए': अखिलेश यादव
Lucknow लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वीरांगना महारानी अवंती बाई लोधी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में बिना नाम लिए राष्ट्रीय लोकदल और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'हम लोगों ने चवन्नी का रुपया बना दिया, फिर भी हमें छोड़कर चले गए।' उनके इस बयान को आरएलडी के समाजवादी पार्टी से अलग होकर भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए में शामिल होने से जोड़कर देखा जा रहा है। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में वीरांगना महारानी अवंती बाई लोधी की 196वीं जयंती पर आयोजित सम्मेलन में अखिलेश यादव शामिल हुए। उन्होंने महारानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश की मौजूदा राजनीति, आगामी विधानसभा चुनाव और पीडीए रणनीति को लेकर अपनी बात रखी।
अखिलेश यादव ने सहयोगी दलों का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ने अपने राजनीतिक सहयोगियों को आगे बढ़ाने का काम किया, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग साथ छोड़कर चले गए। उन्होंने किसी नेता या पार्टी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को जयंत चौधरी और आरएलडी पर राजनीतिक कटाक्ष माना जा रहा है। समाजवादी पार्टी और आरएलडी ने 2022 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव गठबंधन में लड़ा था। दोनों दल इसके बाद भी साथ रहे, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले आरएलडी ने समाजवादी पार्टी से दूरी बना ली और भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए में शामिल हो गई। इसके बाद जयंत चौधरी केंद्र सरकार में मंत्री बने।
सपा अध्यक्ष ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से एक-एक वोट जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी पीडीए के मुद्दे को लेकर जनता के बीच गई और पार्टी को इसका फायदा मिला। अखिलेश यादव ने लोधी समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में समाज को दी गई सीट जीतकर पार्टी की झोली में आई। बुंदेलखंड के चुनावी प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि एक समय वहां समाजवादी पार्टी का खाता तक नहीं खुलता था, लेकिन लोकसभा चुनाव में पार्टी ऐसी सीटों पर भी जीत हासिल करने में सफल रही, जहां जीत की उम्मीद कम मानी जा रही थी।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए में सभी वर्गों को जोड़कर एक 'गुलदस्ता' तैयार करेगी। सामाजिक न्याय और राजनीतिक भागीदारी के लिए सभी वर्गों को सम्मान के साथ जोड़ा जाएगा। अखिलेश यादव ने घोषणा की कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर वीरांगना अवंती बाई लोधी की जयंती पर 16 अगस्त को सरकारी अवकाश घोषित किया जाएगा। इसके साथ ही सरकारी स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और लखनऊ के गोमती रिवरफ्रंट पर वीरांगना अवंती बाई लोधी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
Next Story





