अजित पवार का अंतिम संस्कार आज, PM मोदी और अमित शाह होंगे शामिल

मुंबई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का पार्थिव शरीर पहले विद्या प्रतिष्ठान और फिर उनके पैतृक गांव कोटेवाड़ी में आम लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। उनके अंतिम संस्कार में राज्य सरकार के सभी मंत्री शामिल होंगे। वहीं, पवार परिवार के सदस्य भी बारामती पहुंच चुके हैं।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन को लेकर दिए गए बयान पर महाराष्ट्र में सियासी घमासान देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उनके बयान की कड़ी आलोचना की है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह बेहद दुख की बात है कि किसी की मौत पर इस तरह की राजनीति की जा रही है। उन्होंने याद दिलाया कि वरिष्ठ नेता शरद पवार स्वयं स्पष्ट कर चुके हैं कि यह एक हादसा था, जिसमें दुखद रूप से जानें गईं, और इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
फडणवीस ने आगे कहा, किसी के निधन पर गंदी और घृणित राजनीति करना बेहद दुखद है। ममता दीदी का इस स्तर तक गिरना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और गलत है। महाराष्ट्र के एक प्रिय और सम्मानित नेता के निधन को इस तरह राजनीतिक रंग देना पूरी तरह अनुचित है। वहीं, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी ममता बनर्जी के बयान को गलत ठहराया। उन्होंने कहा कि ऐसी दुखद घटनाओं के समय राजनीति करना उचित नहीं है। शिंदे ने कहा, इस हादसे को लेकर साजिश के संकेत देना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। शरद पवार साहब ने साफ कहा है कि यह केवल एक दुर्घटना थी, इसमें कोई साजिश नहीं है।





