
x
हूती विद्रोहियों ने सऊदी पर लगाए आरोप
Riyadh रियाद: यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर सना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे पर हवाई हमले करने और एक ईरानी यात्री विमान की लैंडिंग रोकने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों पर सऊदी अरब की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
हूती समर्थित अल-मसीराह टीवी के अनुसार, हमले उस समय हुए जब ईरान की महान एयर का एक यात्री विमान सना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने वाला था। चैनल का दावा है कि हमलों में एयरपोर्ट के लैंडिंग और टेकऑफ रनवे को निशाना बनाया गया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए उड़ान संचालन प्रभावित हुआ।
स्थानीय लोगों के हवाले से बताया गया कि हमलों के दौरान कई जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं और आसमान में लड़ाकू विमान मंडराते दिखाई दिए। रनवे से धुएं का गुबार उठता देखा गया, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से अन्य विमानों की आवाजाही रोक दी गई।
हूती विद्रोहियों के सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने बयान जारी कर कहा कि सना एयरपोर्ट पर हुआ हमला "अन्यायपूर्ण आक्रामकता" है। उन्होंने आरोप लगाया कि सऊदी अरब ने क्षेत्र में तनाव कम करने की कोशिशों को नुकसान पहुंचाया है और इस कार्रवाई के परिणामों की पूरी जिम्मेदारी उसी की होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि इस हमले का जवाब दिया जाएगा।
वहीं, वरिष्ठ हूती अधिकारी हाजम अल-असद ने भी सऊदी अरब को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि इस कार्रवाई के गंभीर परिणाम होंगे। सोशल मीडिया और कुछ मीडिया रिपोर्टों में यह दावा भी किया गया कि विमान में हूती प्रतिनिधि सवार थे, लेकिन इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। फिलहाल पूरे घटनाक्रम को लेकर आधिकारिक स्तर पर सीमित जानकारी उपलब्ध है और क्षेत्र में तनाव लगातार बना हुआ है।
Next Story





