भारत

INDIA-PAK विवाद के बीच एयर ट्रैफिक पर असर, 24 एयरपोर्ट 15 मई तक सील

Admindelhi1
9 May 2025 9:26 PM IST
INDIA-PAK विवाद के बीच एयर ट्रैफिक पर असर, 24 एयरपोर्ट 15 मई तक सील
x
"हवाई अड्डों को अस्थायी रूप से किया बंद"

नई दिल्ली: भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच केंद्र सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया गया है। श्रीनगर और चंडीगढ़ सहित देश के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में कम से कम 24 हवाई अड्डों को 15 मई तक नागरिक उड़ानों के लिए बंद कर दिया है। सूत्रों के अनुसार, यह जानकारी शुक्रवार शाम को दी गई है। इससे पहले, भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष के मद्देनजर इन हवाई अड्डों को 10 मई तक नागरिक उड़ानों के लिए बंद किया गया था।

एयरलाइन ने शुक्रवार को कहा कि 15 मई तक हवाई अड्डों के अस्थायी रूप से बंद होने के कारण उनकी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। सूत्रों ने कहा कि 15 मई की सुबह 5 बजकर 29 मिनट तक कम से कम 24 हवाई अड्डों को नागरिक उड़ानों के लिए बंद कर दिया गया है। इनमें चंडीगढ़, श्रीनगर, अमृतसर, लुधियाना, भुंटर, किशनगढ़, पटियाला, शिमला, धर्मशाला, बठिंडा, जैसलमेर, जोधपुर, लेह, बीकानेर, पठानकोट, जम्मू, जामनगर और भुज समेत अन्य हवाई अड्डे शामिल हैं।

एयरलाइन ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत में कई हवाई अड्डों के बंद रहने के बारे में विमानन अधिकारियों की अधिसूचना के बाद, जम्मू, श्रीनगर, लेह, जोधपुर, अमृतसर, चंडीगढ़, भुज, जामनगर और राजकोट के लिए एयर इंडिया की उड़ानें 15 मई को सुबह 5 बजकर 29 मिनट तक रद्द की जा रही हैं।'' एयर इंडिया ने कहा कि इस अवधि के दौरान यात्रा के लिए वैध टिकट रखने वाले ग्राहकों को पुनर्निर्धारण शुल्क पर एक बार छूट दी जाएगी या रद्दीकरण के लिए पूर्ण धन वापसी की पेशकश की जाएगी।

15 मई के लिए सभी उड़ानें रद्द: इंडिगो ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि संबंधित अधिकारियों के नवीनतम निर्देशों के अनुसार, 15 मई को सुबह 5 बजकर 29 मिनट तक 10 गंतव्यों के लिए सभी उड़ानें रद्द रहेंगी, क्योंकि हवाई अड्डे अस्थायी रूप से बंद हैं। एयरलाइन ने कहा कि ये हवाई अड्डे श्रीनगर, जम्मू, अमृतसर, लेह, चंडीगढ़, धर्मशाला, बीकानेर, राजकोट, जोधपुर और किशनगढ़ हैं।

Next Story