भारत
एयर इंडिया की दिल्ली-लंदन फ्लाइट तकनीकी खराबी के चलते बीच रास्ते से वापस लौटी, सभी यात्री सुरक्षित
jantaserishta.com
26 March 2026 5:04 PM IST

x
नई दिल्ली: एयर इंडिया की दिल्ली से लंदन हीथ्रो जाने वाली एक फ्लाइट को गुरुवार दोपहर बीच रास्ते से वापस दिल्ली लौटना पड़ा। उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी का शक होने पर यह फैसला लिया गया। यह फ्लाइट एआई111 सुबह करीब 6 बजे दिल्ली से रवाना हुई थी और लगभग 7 घंटे तक हवा में रहने के बाद वापस लौटी। यह विमान दोपहर करीब 12:30 बजे सुरक्षित दिल्ली एयरपोर्ट पर उतर गया। एयर इंडिया के प्रवक्ता के मुताबिक, यात्रा के दौरान तकनीकी समस्या का संदेह होने पर एहतियात के तौर पर विमान को वापस बुलाया गया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सबसे पहली प्राथमिकता है, इसलिए यह निर्णय लिया गया।
एयरलाइन ने बताया कि विमान पूरी तरह सुरक्षित तरीके से उतरा और सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया गया। फिलहाल विमान की विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है, जिसमें कुछ समय लग सकता है। इसके बाद ही आगे की उड़ान को लेकर फैसला लिया जाएगा।
एयर इंडिया ने इस घटना से यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है और कहा है कि प्रभावित यात्रियों को जल्द से जल्द लंदन पहुंचाने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। तकनीकी खराबी की असली वजह क्या थी, इसकी जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।
इससे पहले पिछले हफ्ते भी एयर इंडिया की एक फ्लाइट, जो दिल्ली से कनाडा के वैंकूवर जा रही थी, 9 घंटे बाद वापस लौट आई थी, क्योंकि उस रूट पर तैनात किए गए विमान (बी777) को कनाडा के एविएशन रेगुलेटर से वहां उड़ान भरने की अनुमति नहीं थी।
एयर इंडिया की फ्लाइट, जिसका कॉल साइन एआई185 था, 20 मार्च को दोपहर 12.18 बजे दिल्ली से यात्रियों से पूरी तरह भरी हुई वैंकूवर के लिए बोइंग 777-200एलआर विमान से रवाना हुई, जबकि एयर इंडिया को इस मार्ग पर केवल अपने बोइंग 777-300ईआर विमानों के लिए ही कनाडा से अनुमति प्राप्त है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





