भारत

दिल्ली-नोएडा-गाजियाबाद की हवा जहरीली, कई इलाकों में AQI 500 के पार

jantaserishta.com
13 Nov 2026 9:30 AM IST
दिल्ली-नोएडा-गाजियाबाद की हवा जहरीली, कई इलाकों में AQI 500 के पार
x
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में प्रदूषण ने एक बार फिर से भयावह रूप धारण कर लिया है। पूरा एनसीआर अब एक 'गैस चैंबर' में तब्दील हो चुका है, जहां सांस लेना दूभर हो गया है। दिल्ली के साथ-साथ नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 500 के खतरनाक स्तर के बेहद करीब पहुंच गया है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, सुबह के समय वातावरण में स्मॉग (धुंध और धुएं का मिश्रण) की मोटी चादर ने विजिबिलिटी (दृश्यता) को काफी कम कर दिया है। ताजा मौसम रिपोर्ट के मुताबिक, 13 से 18 नवंबर तक राजधानी में घना कोहरा और स्मॉग छाया रहेगा। दिन का तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि सुबह के वक्त ह्यूमिडिटी 95 प्रतिशत तक पहुंच रही है।
हवा में नमी और प्रदूषकों के जमा होने से आने वाले दिनों में समस्या और बढ़ने की आशंका है। वायु प्रदूषण के आंकड़ों पर नजर डालें तो स्थिति बेहद डरावनी है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली के 59 में से 58 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर एक्यूआई 'गंभीर' श्रेणी में दर्ज किया गया है। दिल्ली में सबसे खराब हालात चांदनी चौक के हैं, जहां एक्यूआई 480 तक पहुंच गया है।
इसके अलावा बुराड़ी क्रॉसिंग में 459, मथुरा रोड पर 457, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 451, आया नगर में 433 और डीटीयू में 443 एक्यूआई दर्ज किया गया है। आनंद विहार (418), बवाना (416), अशोक विहार (405) और बदरपुर (405) जैसे इलाके भी जहरीली हवा की चपेट में हैं। द्वारका सेक्टर-8 (366) और घुम्मनहेरा (351) में भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है।
एनसीआर के अन्य शहरों की बात करें तो नोएडा की स्थिति भी दिल्ली से बेहतर नहीं है। नोएडा के 7 स्टेशनों में से सेक्टर-62 में एक्यूआई 474 दर्ज किया गया है, जो 'सीवियर प्लस' श्रेणी में आता है। सेक्टर-116 में 402, सेक्टर-125 में 353 और सेक्टर-1 में 335 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया है। वहीं, गाजियाबाद की हवा भी जहर घोल रही है। यहां इंदिरापुरम में एक्यूआई 432, वसुंधरा में 405, न्यू तहसील-लोनी में 398, वेव सिटी में 396 और संजय नगर में 391 दर्ज किया गया है।
अन्य इलाकों में लोनी (385), वेद विहार-लोनी (345) और गोविंदपुरम (253) में भी प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि ठंड बढ़ने के साथ ही हवा की गति धीमी होने और प्रदूषकों के नीचे बैठने की वजह से यह स्थिति उत्पन्न हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय कोहरा और स्मॉग जारी रहेगा, जिससे आने वाले दिनों में लोगों की दिक्कतें और बढ़ सकती हैं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story