भारत

AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी आज झारखंड दौरे पर, मांडर उपचुनाव के लिए करेंगे प्रचार

Nilmani Pal
19 Jun 2022 12:58 AM GMT
AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी आज झारखंड दौरे पर, मांडर उपचुनाव के लिए करेंगे प्रचार
x

रांची। झारखंड की राजधानी रांची की मांडर विधानसभा सीट के लिए 23 जून को उपचुनाव होने हैं। इस होने वाले उपचुनाव में निर्दलीय देव कुमार धान का चुनाव प्रचार करने AIMIM नेता असदुद्दीन ओवैसी रविवार को यहां आएंगे। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के झारखंड प्रभारी मोहम्मद शकीर ने बताया कि औवैसी आज 12 बजे रांची पहुंचेंगे। यहां उनका लगभग पांच घंटे का कार्यक्रम है। उन्होंने बताया कि ओवैसी पार्टी की अंदरूनी बैठक करने के साथ मांडर विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे देव कुमार धान के पक्ष में चुनाव प्रचार भी करेंगे।

प्रशासन ने ओवैसी की चुनावी सभा को देखते हुए रविवार को मांडर और रांची में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किये हैं। औवैसी की चुनाव सभा चान्हो ब्लॉक में होनी है। मांडर में कांग्रेस की महागठबंधन समर्थित उम्मीदवार शिल्पी तिर्की का सीधा मुकाबला BJP की पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर से होने की संभावना है। लेकिन यहां से साल 2019 का विधानसभा चुनाव BJP के टिकट पर लड़ चुके देव कुमार धान के भी चुनाव मैदान में उतरने से लड़ाई रोचक हो गयी है। हालांकि धान को BJP ने पार्टी का टिकट न देने पर भी चुनाव लड़ने के चलते पार्टी से निष्कासित कर दिया है।


Next Story