भारत

महिला खिलाड़ियों के साथ शारीरिक उत्पीड़न, AIFF का सदस्य गिरफ्तार

Nilmani Pal
31 March 2024 2:03 AM GMT
महिला खिलाड़ियों के साथ शारीरिक उत्पीड़न, AIFF का सदस्य गिरफ्तार
x
आज आरोपी को कोर्ट में पेश करेगी पुलिस

गोवा। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ की कार्यकारी समिति के सदस्य दीपक शर्मा को गोवा पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। उन पर 2 महिला खिलाड़ियों के कथित शारीरिक उत्पीड़न का आरोप है। इंडियन वुमैन्स फुटबॉल लीग (IWFL) के दूसरे डिविजन में हिस्सा लेने आई हिमाचल प्रदेश के खाड एफसी की 2 फुटबॉल खिलाड़ियों ने यह आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि क्लब के मालिक शर्मा ने 28 मार्च की रात को उनके कमरे में घुसकर उनके साथ मारपीट की थी। हालांकि, खिलाड़ियों के एक समूह ने दावा किया कि शर्मा बेकसूर हैं।

पुलिस उपाधीक्षक संदेश चोडनकर ने कहा, ‘एआईएफएफ कार्यकारी समिति के सदस्य दीपक शर्मा को औपचारिक शिकायत मिलने के बाद दिन में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। मापुसा पुलिस ने उन्हें विभिन्न धाराओं के अंतर्गत चोट पहुंचाने, महिलाओं के खिलाफ बल का उपयोग करने के लिए गिरफ्तार किया गया।’ मापुसा पुलिस थाने के इंस्पेक्टर शीताकांत नाईक ने कहा कि वह रात भर हिरासत में रहेंगे और रविवार को रिमांड के लिए उन्हें अदालत में पेश किया जायेगा।

जीएफए अध्यक्ष कैटानो फर्नांडिस ने बताया कि संघ ने खिलाड़ियों की मापुसा थाने में शिकायत दर्ज कराने में मदद की। शर्मा हिमाचल प्रदेश फुटबॉल संघ के महासचिव भी हैं। इस बीच, एफसी खाड़ की महिला खिलाड़ियों के एक समूह ने दावा किया कि शर्मा के खिलाफ लगाए गए आरोप गलत हैं। शर्मा को जब मापुसा पुलिस मेडिकल जांच के लिए ले गई तो महिला खिलाड़ियों का एक समूह रोता देखा गया और उन्होंने मीडिया को वीडियोग्राफी से भी मना किया। उनका दावा था कि पिछले 10 साल से शर्मा से वे जुड़ी हैं लेकिन कभी उन्हें बदसलूकी करते नहीं देखा। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस तरह के आरोप पहली बार लगाए गए हैं।

एक खिलाड़ी ने मापुसा थाने के बाहर मीडिया से कहा, ‘शुक्रवार को शिकायतकर्ता खिलाड़ियों में से एक रात के 11.30 बजे अपार्टमेंट से बाहर कुछ लेने गई। शर्मा इससे नाराज थे और पूछा कि अनजान शहर में इतनी रात को अकेले बाहर क्यों गई। इस पर खफा होकर उसने नाटक शुरू कर दिया।’ उसने कहा कि शर्मा ने कभी लड़कियों के साथ बदसलूकी नहीं की।

Next Story